देहरादून: उत्तराखंड की नवनियुक्त राज्यपाल बेबी रानी मौर्य 26 अगस्त को शाम 5 बजे राजभवन में राज्यपाल पद की शपथ। वह डॉ कृष्ण कांत पाल का स्थान लेंगी।
उत्तराखंड के सातवें राज्यपाल के रूप में नियुक्त बेबी रानी मौर्य राज्य की दूसरी महिला राज्यपाल होंगी। इससे पूर्व वरिष्ठ कांग्रेस नेता मार्गरेट अल्वा उत्तराखंड में राज्यपाल का दायित्व संभाल चुकी हैं। राज्य गठन के बाद से उत्तराखंड में अब तक छह राज्यपाल नियुक्त हुए हैं। इनमें अल्वा चौथे राज्यपाल के रूप में आई थीं। उनके बाद अब मौर्य महिला राज्यपाल के रूप में राज्य का दायित्व संभालेंगी।
यूपी के आगरा शहर के बालूगंज क्षेत्र में रहने वाले पीएनबी में निदेशक पद से सेवानिवृत्त व वर्तमान में पीएनबी सलाहकार बोर्ड के सदस्य प्रदीप कुमार मौर्य की पत्नी बेबीरानी वर्ष 1995 तक राजनीति में अधिक सक्रिय नहीं थीं। 1995 में आगरा का मेयर पद अनुसूचित जाति की महिला के लिए सुरक्षित होने पर उनको भाजपा ने टिकट दिया और वह विजयी रहीं। पांच साल तक मेयर रहकर उन्होंने शहर के विकास के लिए प्रयास किए।
इसी बीच 1997 में यह भाजपा अनुसूचित मोर्चा की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और वर्ष 2001 में प्रदेश सामाजिक कल्याण बोर्ड की सदस्य रहीं। वर्ष 2002 में इन्हें राष्ट्रीय महिला आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया। इस पद पर उनका कार्यकाल चार साल रहा। इसके बाद 2007 में विधानसभा चुनाव में इन्हें एत्मादपुर सीट से भाजपा ने चुनाव लड़ाया, हालांकि वह दूसरे स्थान पर रहीं। 2013 से 2015 तक यह भाजपा की प्रदेश मंत्री रहीं। वर्तमान में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य हैं और 15 दिन पहले ही बेबीरानी को उत्तर प्रदेश बाल कल्याण आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। एमए-बीएड तक शिक्षित बेबीरानी का मायका आगरा के पंजा मदरसा मोहल्ले में ही हैं। इनके एक बेटा व एक बेटी हैं। दोनों ही शादीशुदा हैं और अमेरिका में बसे हुए हैं।
उत्तराखंड में अब तक राज्यपाल
-सुरजीत सिंह बरनाला ( नौ नवंबर 2000 से सात जनवरी 2003 तक)
-सुदर्शन अग्रवाल (आठ जनवरी 2003 से 28 अक्तूबर 2007 तक)
-बीएल जोशी (29 अक्तूबर 2007 से पांच अगस्त 2009 तक)
-मार्गरेट अल्वा (छह अगस्त 2009 से 14 मई 2012)
-अजीज कुरैशी (15 मई 2012 से आठ जनवरी 2015)
-डॉ.कृष्णकांत पॉल (आठ जनवरी 2015 से अब तक)


Post A Comment: