अल्मोड़ा। उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। अल्मोड़ा जिले के सल्ट ब्लाक के दानापानी में चीरधार टोटाम के पास बस ढाई सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा मंगलवार सुबह करीब सवा आठ बजे हुआ। हादसे में मरने वालों की संख्या 12 बताई जा रही है। जबकि 14 लोग घायल हो गए हैं।
सबसे पहले हादसे में 11 लोगों की मौत की सूचना थी। इधर, रामनगर में भी उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। डीएम ईवा आशीष श्रीवास्तव और एसएसपी पी रेणुका देवी भी घटना स्थल को रवाना हो गए हैं। हादसा स्थल पर रेस्क्यू का कार्य चल रहा है। मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है। डीएम ईवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत कार्य के लिए एसडीआरएफ और एसडीएम मौके पर पहुंच गए हैं। GMOU बस सल्ट से रामनगर जा रही थी। घायलों को रामनगर सिविल अस्पताल भेजा गया है।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने अल्मोड़ा में भतरोजखान रामनगर मोटर मार्ग पर कालीधार-मुहाना के समीप हुई बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री रावत ने अल्मोड़ा और नैनीताल के जिलाधिकारियों से वार्ता कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिये हैं कि राहत एवं बचाव कार्यों में कोई भी कोताही बर्दाश्त नही की जायेगी। घायलों का हर संभव उपचार सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना हेतु अनुमन्य राहत राशि तत्काल वितरित करने के निर्देश भी दिये है। अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार 108 एम्बुलेंस सेवा, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की टीम तथा एसडीआरएफ मौके पर भेज दी गई है। आपदा प्रबन्धन के प्रशिक्षित स्वयं सेवकों द्वारा राहत एवं बचाव का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। सल्ट, भिकियासैंण और भतरोज खान से डाॅक्टरों की टीम भेजी गई है।


Post A Comment: