देहरादून। दून शहर का दायरा बढ़ने के बाद जनसुविधाओं के मद्देनजर नगर निगम क्षेत्र को पांच जोन में बांट दिया गया है। वार्डवार बांटे गए जोन में जोनल कार्यालय भी खोले गए हैं। अब संबंधित जोन के वार्डों के लोगों को जन्म व मृत्यु प्रमाण-पत्र जोनल कार्यालय से ही उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही सफाई और स्ट्रीट लाइट आदि की समस्या का समाधान भी जोनल कार्यालय से ही होगा।
हालांकि, अभी हाउस टैक्स जमा करने की सेवा इन जोनल कार्यालयों में नहीं मिल पाएगी। यह दावा किया जा रहा कि नए वित्तीय वर्ष की शुरूआत के साथ ही जोनल कार्यालयों को अपडेट कर हाउस टैक्स जमा करने संबंधी सेवा भी प्रदान कर दी जाएगी।
नगर निगम का दायरा साठ वार्ड से सौ वार्ड होने पर ही जोनल कार्यालय की मांग उठ रही थी। दरअसल, निगम क्षेत्र में जोड़े गए 72 गांव के करीब दो लाख ग्रामीणों का आरोप था कि उन्हें जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए दर्जनों किमी दूर जाना पड़ रहा है।
इससे लोगों का समय और ईंधन दोनों की खपत हो रही थी। जबकि, ग्राम सभा के समय उन्हें ये सुविधाएं गांव में आसानी से मिल जाती थी। इसके अलावा शहरी क्षेत्र के भी कईं वार्ड निगम मुख्यालय से काफी दूर थे। इसी लिहाज से निगम ने अब वार्डों को जोन में बांटने का फैसला लिया है।


Post A Comment: