हरिद्वार। भगवान सूर्य के मकर राशि में प्रवेश पर मकर सक्रांति स्नान को लेकर हरकी पैड़ी पर आस्था का रेला उमड़ पड़ा। हर की पैड़ी तथा अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्‍था की डुबकी लगाई। कुशावर्त घाट पर यज्ञोपवीत सहित कई संस्कार कराए गए। कड़ाके की ठंड और मकर संक्रांति का मंगलवार को भी होने के चलते श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही।

मकर सक्रांति का पर्व मनाने के लिए देश के पर्वतीय अंचलों से खासी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के साथ-साथ राजस्थान, यूपी, पंजाब और दिल्ली से भी श्रद्धालु गंगा स्‍नान के लिए पहुंचे। हरकी पैड़ी पर सवेरे के समय चल रही शीतलहर के कारण स्नान सूर्योदय के बाद प्रारंभ हुआ। अलबत्ता ब्रह्म मुहूर्त में भी श्रद्धालु स्नान करते हुए दिखाई दिए। पैदल यातायात प्रबंधों के चलते यात्रियों को किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। बाजारों में भी सामान्य भीड़ बनी रही। 

श्रद्धालुओं ने कुशावर्त घाट जाकर कर्णभेदन संस्कार, मुंडन संस्कार, श्राद्ध तर्पण एवं यज्ञोपवीत संस्कार संपन्न कराए।

Post A Comment: