देहरादून: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने ही उत्तराखंड राज्य के गठन को मंजूरी दी थी। उत्तराखंड से विशेष लगाव होने के नाते उत्तराखंड की जनता उनकी सदैव आभारी रहेगी।
 गुरुवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने शोक संदेश में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। वह मसूरी, देहरादून व नैनीताल आते रहते थे। उन्होंने न केवल अलग राज्य का निर्माण किया बल्कि विशेष राज्य का दर्जा भी दिया। उत्तरकाशी की सुरक्षा एवं गंगोत्री आने वाले तीर्थ यात्रियों व पर्यटकों की सुविधा के अलावा वरुणावत पर्वत भूस्खलन के उपचार के लिए विशेष आर्थिक सहायता प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारतीय राजनीति के पुरोधा थे, उनके विचार व आदर्श हमें सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। 
भाजपा प्रदेश कार्यालय में दी पुष्पांजलि
भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर पार्टी का ध्वज आधा झुकाया गया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूर्व प्रधानमंत्री के नाजुक स्वास्थ्य की जानकारी मिलते ही प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारी व कार्यकर्ता जमा होने शुरू हो गए थे। शाम को जैसे ही उनके निधन का समाचार आया पूरा वातावरण शोक मग्न हो गया। इसके बाद सभी ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। पुष्पांजलि देने वालों में उच्च शिक्षा व सहकारिता राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत, महामंत्री संगठन संजय कुमार, विधायक हरबंश कपूर, खजान दास, मुकेश कोली व प्रदेश मीडिया प्रमुख देवेंद्र भसीन आदि शामिल थे।

Post A Comment: