उत्तरकाशी: चार दिन से चुनौती बने किशोरी से दुष्कर्म और हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने टिहरी जिले के दीन गांव के रहने वाले मुकेश लाल उर्फ बंटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उस पर अपहरण, दुष्कर्म और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित ने पूछताछ में अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। उसके कमरे से खून से लथपथ कपड़े और जूते भी बरामद कर लिए गए हैं। आरोपित के खून और सीमन के नमूने डीएनए जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।
उत्तरकाशी में हुए बवाल और प्रदेश भर में चल रहे धरने प्रदर्शन के बीच पुलिस तत्परता से मामले की जांच में जुटी थी। पुलिस महानिरीक्षक (आइजी) संजय गुंज्याल और पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) अजय रौतेला उत्तरकाशी में ही कैंप कर रहे थे। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में डीआइजी अजय रौतेला ने बताया कि आरोपित मुकेश लाल पास के ही एक अन्य गांव के प्रधान के खच्चरों की देखरेख करता है और वहीं एक कमरे में रहता है। उसका किशोरी के घर में काफी आना-जाना था। किशोरी की बड़ी बहन से भी मुकेश की फोन पर बातचीत होती रहती थी। डीआइजी ने बताया कि किशोरी के बड़ी बहन से पुलिस को पता चला कि कुछ दिन पहले मुकेश ने फोन पर उसे धमकी दी थी कि 17 अगस्त को वह उसे उठाकर ले जाएगा। भयभीत बड़ी बहन इससे पहले ही अपनी ननिहाल चली गई।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त की शाम को मुकेश लाल ने उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर डुंडा व देवीधार कस्बों में शराब पी। इसके बाद वह अपने कमरे में गया और खाना खाया। जब रात गहरा गई तो वह कमरे से निकला और किशोरी के घर जा पहुंचा। कुछ देर उसने बड़ी बहन की तलाश की। जब वह नजर नहीं आई तो छत पर पहुंचा और खंभे से घर तक आ रही बिजली की तार हटा दी। इसके बाद वह नीचे उतरा और गहरी नींद में सो रही किशोरी को कंधे पर उठा वहां से निकल गया।


Post A Comment: