मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गुरुवार को सूचना भवन में आयोजित समारोह में सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग की विकास पुस्तिका ‘संकल्प से सिद्धि तक’ का विमोचन किया. राज्य स्थापना दिवस की 17वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने सहकारिता विभाग द्वारा संचालित ‘दीन दयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना’ का शुभारम्भ करते हुए किसानों को स्वीकृत ऋण के चेक भी वितरित किए.

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2016-17 हेतु देवभूमि उत्तराखण्ड खेल रत्न पुरस्कार और देवभूमि उत्तराखण्ड द्रोणाचार्य पुरस्कार भी प्रदान किए. खेल रत्न पुरस्कार प्रसिद्ध महिला अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट तथा द्रोणाचार्य पुरस्कार उनके कोच लियाकल अली को प्रदान किया गया. एकता बिष्ट की अनुपस्थिति में उनके माता-पिता ने यह पुरस्कार ग्रहण किया.

इसी कार्यक्रम में ईको टास्क फार्स के शहीदों की पत्नियों, चन्द्रकला नेगी पत्नी स्वर्गीय राइफलमैन बिक्रम सिंह नेगी तथा राजेश्वरी देवी पत्नी राइफलमैन धर्मसिंह रावत को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया. कार्यक्रम में उत्तराखण्ड जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विनोद चन्द रमोला को उनके दायित्वों के कुशल निर्वहन हेतु उनके विभाग द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया.

प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना की 17वीं वर्षगाठ की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार प्रयासरत है. उन्होंने कहा कि राज्य के किसान भाइयों से हमने वादा किया था कि उनको सरकार द्वारा सस्ती ब्याज दर में ऋण उपलब्ध कराया जाएगा इसलिए दीन दयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना प्रारंभ की गई है.
मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सरकार आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य का विकास करने के लिए प्रतिबद्ध है.

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, अरविंद पाण्डेय, राज्य मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत, सचिव सूचना चन्द्रशेखर भट्ट, सचिव खेल डॉक्टर भूपिन्दर कौर औलख सहित भी उपस्थित थे.

 

Post A Comment: