मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने चुनाव आयोग के मुखिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त गुजरात सरकार की घोटालेबाज कंपनी जीएसपीसी के प्रमुख रहे हैं.

उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को ईनाम के तौर पर पीएम मोदी ने इतना बड़ा पद दिया. इसलिए आज राहुल गांधी के टीवी इंटरव्यू के खिलाफ नोटिस देकर वफादारी का सबूत दे रहे हैं.

दरअसल, गुजरात में दूसरे चरण की वोटिंग से ठीक एक दिन पहले कुछ मीडिया चैनलों ने कांग्रेस के नए अध्यक्ष राहुल गांधी का इंटरव्यू प्रसारित किया. जिसके बाद भाजपा ने कांग्रेस और टीवी चैनलों के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई. इस शिकायत के आधार पर चुनाव आयोग ने गुजरात के मुख्य चुनाव अधिकारी को इन टीवी चैनलों पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए. यही नहीं, चुनाव आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 18 दिसंबर तक जवाब देने के लिए कहा है.
साथ ही कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने चुनाव आयोग पर दोरहा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के खिलाफ चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई करने की मांग की. सुरजेवाला ने कहा कि 2014 के चुनाव में आचार संहिता लागू होने के बाद नरेंद्र मोदी ने सरेआम चुनाव चिन्ह दिखाया था इसलिए अगर राहुल गांधी को नोटिस भेजा गया है तो मोदी के खिलाफ भी चुनाव आयोग को कार्रवाई करना चाहिए.

उन्होंने चुनाव आयोग को घेरते हुए कहा कि बुधवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने गुजरात चुनाव को लेकर दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस किया लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की. अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री के खिलाफ बयान जारी किया तब भी चुनाव आयोग शांत रहा. उन्होंने कहा कि दोहरी नीति नहीं चलेगी. चुनाव आयोग को भाजपा नेताओं पर भी कार्रवाई करना चाहिए.

Post A Comment: