पौड़ी के घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कालेज में कथित वित्तीय अनियमित्ताओं के विरोध में यूकेडी ज़िलाध्यक्ष की भूख हड़ताल के पांचवें दिन पुलिस ने उन्हें जबरन धरनास्थल से उठाकर अस्पताल में भर्ती करवा दिया है.
ज़िलाधिकारी कार्यालय के बाहर यूकेडी ज़िलाध्यक्ष सुबोध पोखरियाल की भूख हड़ताल का शुक्रवार को पांचवां दिन है. इससे पहले यूकेडी ने कॉलेज प्रशासन के ख़िलाफ़ इंजीनियरिंग कॉलेज के बाहर 74 दिन का धरना दिया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
दरअसल यूकेडी ने कॉलेज में कई तरह की अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं. सुबोध पोखरियाल का कहना है कि कालेज में निर्माण कार्य से लेकर आउट सोर्सिंग कर्मचरियों के ईपीएफ तक सब जगह घोटाला किया जा रहा है.
यूकेडी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और घोटालों की एसआईटी जांच की मांग को लेकर आंदोलनरत है.
शुक्रवार शाम पौड़ी एसडीएम और कोतवाल भूख हड़ताल पर बैठे इन लोगों की तबियत पूछने पहुंचे थे लेकिन भूख हड़ताल पर बैठे पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनकी तबियत अभी ठीक है.
इसके बाद शाम करीब शाम साढ़े पांच बजे पुलिस ने पोखरियाल को जबरन उठा लिया और ज़िला अस्पताल में भर्ती करवा दिया. उन्हें ग्लूकोज़ चढ़ाया जा रहा है.
लेकिन न्यूज़ 18 से बात करते हुए पोखरियाल ने कहा कि उनकी भूख हड़ताल जारी है और वह अन्न ग्रहण नहीं करेंगे.


Post A Comment: