कांग्रेस पार्टी में आज से एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है. शनिवार को राहुल गांधी पार्टी की कमान संभालने जा रहे हैं. कांग्रेस अध्यक्ष पद पर राहुल गांधी की ताजपोशी का जश्न मनाने के लिए दूर-दूर से कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच चुके हैं. शनिवार को औपचारिक तौर से राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी की पूरी कमान संभाल लेंगे.
दिल्ली के 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस के दफ्तर में उनकी ताजपोशी को लेकर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. जश्न के लिए स्पेशल तौर पर दिल्ली के चांदनी चौक से आए हलवाई जलेबी और लड्डू समेत कई तरह की मिठाइयां बनाने में जुटे हुए हैं. दिल्ली के यूथ कांग्रेस दफ्तर में मिठाई के साथ ही लोकगीतों की भी तैयारी की गई है.
इसके अलावा देश भर में कांग्रेस कार्यालयों में जश्न मनाया जाएगा. राहुल गांधी की ताजपोशी को लेकर देश भर के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है. 'राहुलराज' की खुशी में पार्टी दफ्तर में एक दिन पहले से ही लड्डू बनने लगे. दिल्ली, लखनऊ समेत कई जगहों पर पार्टी मुख्यालय को लाइट से सजाया गया है. शनिवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस दफ्तर में दिग्गज नेताओं का जमघट देखने को मिलेगा.
इस कार्यक्रम में तमाम सांसद, विधायक, सीएलपी नेता, पीसीसी अध्यक्ष एआईसीसी के तमाम पदाधिकारी पार्टी के इस ऐतिहासिक पल में शिरकत करेंगे. देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस में नए युग की शुरुआत होने जा रही है, जिसको लेकर सिर्फ कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि नेता भी बेहद उत्साहित है. गांधी परिवार से कांग्रेस के अध्यक्ष बनने वाले राहुल गांधी पांचवें शख्स होंगे.
11 दिसंबर को निर्वाचित हुए थे अध्यक्ष
इससे पहले 11 दिसंबर को राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे. कांग्रेस नेता एम रामचंद्रन ने इसका औपचारिक ऐलान किया था. कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ राहुल गांधी ने ही नामांकन दाखिल किया था. राहुल के अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े. कहीं ढोल-नगाड़े बजे थे, तो कहीं राहुल के समर्थन में जोरदार नारेबाजी हुई थी.
19 साल बाद बदलेगी कांग्रेस मुख्यालय की नेम प्लेट
शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय के बाहर लगी नेम प्लेट बदल जाएगी. सोनिया गांधी की जगह अब राहुल गांधी के नाम की प्लेट लग जाएगी. पिछले 19 साल से इस नेम प्लेट पर सोनिया गांधी का नाम है. जब सोनिया ने कांग्रेस पार्टी की कमान संभाली थी, तब उनकी पार्टी सिर्फ चार राज्यों में ही सिमटी थी. अब वो कांग्रेस की कमान अपने बेटे राहुल गांधी को सौंपने जा रही हैं.
16 दिसंबर को इसलिए रखा गया कार्यक्रम
कांग्रेस पार्टी ने काफी सोच विचार कर राहुल गांधी की ताजपोशी की तारीख तय की. गुजरात और हिमाचल चुनाव के नतीजों से दो दिन पहले ही राहुल गांधी की ताजपोशी इसलिए की जा रही है, ताकि विपरीत चुनाव नतीजों का कांग्रेस की खुशियों पर कोई असर न पड़े. इस कार्यक्रम का समय 11बजे हैं. पर कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से ही 24 अकबर रोड पर जमा होने लगेंगे.
कांग्रेस दफ्तर की कुर्सी में बतौर अध्यक्ष बैठेंगे राहुल गांधी
शनिवार को राहुल गांधी कांग्रेस दफ्तर में अध्यक्ष की कुर्सी पर औपचारिक रूप से बैठक अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे. इससे पहले सोनिया गांधी उनको पार्टी की कमान सौंपेंगी. कार्यक्रम के दौरान सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ पार्टी के दिग्गज नेता और कार्यकर्ता मौजूद होंगे. बताया जा रहा है कि इस बीच पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी का भाषण भी होगा, जिसके बाद राहुल गांधी बतौर कांग्रेस अध्यक्ष पहली बार पार्टी के नेताओं और  कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे.

Post A Comment: