कपिल शर्मा के किसी भी इवेंट को लेकर इन दिनों एक डर बना रहता है. लोग सवाल पूछते हैं कि वो शो पर आएंगे भी या नहीं. हाल के दिनों में उन्होनें अपने कई इवेंट या तो आखिरी वक्त में कैंसिल कर दिए या फिर वो पहुंचे नहीं.
हमें भी कपिल से मुलाकात होने तक इस बारे में यकीन नहीं था कि वो दिखाई देंगे या नहीं. लेकिन कपिल पहुंचे और इस सवाल का जवाब भी दिया. कपिल शर्मा की मानें तो मीडिया ने उनकी इस आदत को बढ़ा चढ़ा कर दिखाया है, "ऐसा एक दो बार हुआ है लेकिन कई मामलों को मीडिया ने तूल दे दिया. मैं बीमार था लेकिन लोगों को लगा कि मेरे भाव बढ़ गए हैं."
कपिल आमतौर पर मीडिया से कम ही मिलते-जुलते हैं. उनके हिसाब से उनके पास ऐसा कुछ नहीं हैं जो वो अपने टीवी शो में नहीं कह पा रहे थे. वो टीवी के सुपरहिट कलाकार बन गए थे. साल 2013 में जब कपिल ने अपने शो की शुरुआत कलर्स चैनल से की तो कलर्स को वो टीआरपी रेटिंग में सबसे उपर ले आए.
इस बीच उनकी फ़िल्म 'किस किस को प्यार करुं' रिलीज़ हुई, कपिल कॉमेडियन से हीरो बन गए. उनके साथ के कॉमेडी कलाकारों में अभी तक ऐसा कोई और नहीं कर पाया है. सुनील पाल और राजू श्रीवास्तव ने अपनी फ़िल्म निकाली लेकिन वो अपनी फ़िल्म में भी साइड कलाकार की तरह थे. कपिल ने साबित किया कि वो हीरो हैं.
इस पूरे मामले में सुनील ग्रोवर का जाना कपिल का सबसे बड़ा नुकसान माना जा रहा था. कपिल के साथ एक विमान में हुए झगड़े के बाद सुनील ने उनसे अपनी राहें अलग कर ली थीं.
कपिल ने इस झगड़े पर कहा,"देखिए वो बात पुरानी हो गई है फिर भी लोग उसे खींचते हैं. क्या आप किसी ऐसे इंसान को जानते हैं जिसने कभी अपने भाई या दोस्त से लड़ाई नहीं की हो. बस हमारे पीछे मीडिया हाथ धोकर पड़ गया."
कपिल मानते हैं कि कई ग़लतियां उनसे हुई हैं, वो अपनी तबियत को लेकर भी अब पहले से संजीदा हो गए हैं, "हां मेरा स्वास्थय खराब था और मैं शराब पीने लगा था. लेकिन अब मैं उस दौर से आगे की तरफ़ देख रहा हूं और मुझे पूरी उम्मीद है कि चीज़ें अब बेहतर होंगी."
कपिल की फ़िल्म फिरंगी इन दिनों सिनेमाघरों में लगी हुई है वो इस फ़िल्म के प्रमोशन में जी जान से जुटे हुए हैं और साथ ही चाहते हैं कि लोग उनकी फिल्म देख कर रिव्यू करें ना कि रिव्यू पढ़कर उनकी फ़िल्म देखें, "एक फ़िल्म को बनाने में काफ़ी पैसा और मेहनत लगती है. लेकिन कुछ लोग 'रिव्यू' के नाम पर आपकी फ़िल्म को ख़राब बोल देते हैं."


Post A Comment: