गुजरात और हिमाचल प्रदेश का आज फैसला हो जाएगा. मतगणना कुछ ही देर में शुरू होगी. गुजरात चुनाव जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न हैं, वहीं यह देखना भी दिलचस्प होगा कि कांग्रेस के नए अध्यक्ष के रूप में राहुल गांधी इस परीक्षा में खरे उतर पाते हैं या नहीं. Exit Poll के बाद से भाजपा जहां जीत के प्रति आश्वस्त नजर आ रही है, वहीं कांग्रेस पाटीदारों का साथ मिलने से गुजरात में 22 साल बाद वापसी की उम्मीद में है.
2019 पर पड़ेगा गुजरात के रिजल्ट का असर
गुजरात के चुनाव परिणामों का असर वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव पर भी पड़ सकता है. गुजरात के 33 जिलों में कड़ी सुरक्षा के बीच 37 केंद्रों पर मतगणना होगी. गुजरात में दो चरणों में हुए चुनाव में औसतन 68.41 फीसदी मतदान हुआ था. गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 89 सीटों पर वोट डाले गए जबकि दूसरे चरण में 93 सीटों पर वोटिंग हुई.
हिमाचल प्रदेश के 337 उम्मीदवारों का होगा फैसला
हिमाचल प्रदेश में भी मतगणना होगी जिसमें मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल समेत 337 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा. राज्य में पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी भाजपा और कांग्रेस ने सभी 68 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे. हिमाचल में 75.28 फीसदी मतदान हुआ है. चुनाव पूर्वानुमानों में भाजपा की जीत की संभावना जताई गई है. मतगणना के लिए पर्याप्त सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं. मतगणना सभी 68 निर्वाचन क्षेत्रों में 42 मतदान केंद्रों पर एक साथ शुरू होगी. मतगणना के लिए 2,820 कर्मचारियों को तैनात किया गया है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत ने कहा कि सभी मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं.
गुजरात के बारे में Exit Poll ने क्या कहा-
गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव पर आजतक के एग्जिट पोल में 'कमल' खिलने का अनुमान लगाया गया है. इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल की मानें तो गुजरात की कुल 182 सीटों में से बीजेपी को 99 से 113 सीटें और कांग्रेस को 68-82 सीटें मिल सकती हैं. अन्य के खाते में 1-4 सीटें जाने का अनुमान है. बीजेपी को 47 फीसदी और कांग्रेस 42 फीसदी वोट मिल सकता है, 11 फीसद वोट अन्य की झोली में जा सकता है. राज्य में पिछले चुनाव यानी 2012 की बात करें तो गुजरात विधानसभा में बीजेपी को 115 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस को 61 सीटें मिली थी. बाकी सीटें अन्य के हिस्से आई थीं.


Post A Comment: