देहरादून। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डा देवेंद्र भसीन ने सोमवार को होने वालीकांग्रेस की रैली पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस देशव्यापी स्तर पर भाजपा की केंद्र व राज्य सरकारों के ख़िलाफ़ गहरा षड्यन्त्र कर रही है और इसके तहत अव्यवस्था फैलाने,जनता में परस्पर दुराव पैदा करने व भ्रम पैदा करने की कोशिश हो रही है।
   यहाँ एक बयान में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डा देवेन्द्र भसीन ने कहा कि कांग्रेस सत्ता को लेकर हताश भी है और बेचैन । इसलिए कांग्रेस हर प्रकार के हथकण्डे अपनाने में जुटी हुई है। इस षड्यन्त्र के अंतर्गत कहीं जातिवाद की आड़ में तो कहीं सम्प्रदाय के नाम पर तो कहीं झूठे आरोप व ग़लत बयानी करते हुए जनता को भ्रमित करने का खेल हो रहा है। गुजरात, उत्तरप्रदेश, कर्नाटक सहित विभिन्न प्रदेश इसके उदाहरण है । उत्तराखंड में भी कांग्रेस यह षड्यन्त्र कर रही है। प्रकाश पाण्डेय प्रकरण इसका एक उदाहरण है। अब कांग्रेस जन चेतना रैली के नाम पर जनता को भ्रमित करने का षड्यन्त्र कर रही है। कांग्रेस द्वारा जिस प्रकार के पोस्टर बनाए गए हैं उनसे कांग्रेस की बोखलाहट व मानसिक दिवालियापन साफ़ दिखाई दे रहा है। हाल में उत्तरप्रदेश में कांग्रेस ने श्री राहुल गांधी को राम दिखाते हुए प्रधानमंत्री को रावण का रूप दे दिया। अब उत्तराखंड में इसी प्रकार की हरकत हो रही है।
   डा भसीन ने कहा कि कांग्रेस अपने किसी षड्यन्त्र में सफल नहीं होगी। क्योंकि जनता सब जानती है और उसका भाजपा नेतृत्व पर पूरा विश्वास है।

Post A Comment: