जम्मू I जम्मू के सुंजवां आर्मी कैंप में आतंकियों के खिलाफ सेना का ऑपरेशन रविवार की सुबह फिर शुरू हो गया है. कैंप में अभी आतंकी छिपे हुए हैं. रविवार को सैन्य ऑपरेशन शुरू होने के कुछ देर बाद सुंजवां आर्मी कैंप के फैमिली क्वार्टर्स के नजदीक दो छोटे धमाके हुए. आतंकियों की ओर से गोलीबारी भी जारी है.
आर्मी आर्म्ड पर्सनल कैरियर (APC) फैमिली क्वार्टर्स के नजदीक जा रहे हैं. साथ ही  सेना ने फैमिली क्वार्टर्स के चारो ओर घेराबंदी को मजबूत कर दिया है. साथ ही सेना के कमांडो इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं. वहीं, सुरक्षा बलों ने शनिवार को मारे गए तीन में से दो दहशतगर्दों के शव बरामद किए हैं.
जम्मू कश्मीर लाइट इंफैंट्री की 36 ब्रिगेड के कैंप के फैमिली क्वार्टर्स परिसर में दो आतंकियों के छिपे होने की आशंका है. इससे पहले देर रात तकरीबन 2.30 बजे और चार बजे के करीब आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायर किया. इसके बाद आर्मी कमांडो ने जबरदस्त फायरिंग के साथ आतंकियों को जवाब दिया.ट
दहशतगर्दों के खात्मे के लिए आर्मी ने इलाके की मजबूत घेराबंदी की है.  साथ ही सुरक्षा बलों ने इस ऑपरेशन में चार एपीसी (आर्म्ड पर्सनल कैरियर) वाहन उतारे हैं.  वहीं, पूरे जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों की आशंका के चलते हाई अलर्ट घोषित किया गया है.

शनिवार सुबह से चल रहा है ऑपरेशन
आतंकियों के खिलाफ करीब 28 घंटों से यह ऑपरेशन चल रहा है. अब तक सुरक्षाबल कैंप के अंदर रिहायशी इलाके में छिपे तीन आतंकियों को ढेर कर चुके हैं. इनके पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुआ था. साथ ही पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का झंडा भी मिला है. बताया जा रहा है कि आतंकी सेना की वर्दी में आए थे.

फैमिली क्वार्टर में छिपे थे आतंकी
जम्मू कश्मीर लाइट इंफैंट्री की 36 ब्रिगेड के कैंप में शनिवार सुबह करीब पांच बजे आतंकियों की मूवमेंट देखी गई थी. आतंकियों ने कैंप में मौजूद जवानों और उनके परिवारों को भी निशाना बनाया. आतंकियों के हमले में सेना के जेसीओ और एनसीओ शहीद हो गए हैं, जबकि फायरिंग में 9 लोगों के घायल होने की खबर है. इनमें 5 महिलाएं और बच्चे शामिल हैं.
सेना अधिकारी ने बताया सूबेदार मदनलाल चौधरी और हवलदार हबीबुल्ला कुरैशी शहीद हो गए. ये दोनों जवान कश्मीर के रहने वाले थे. आतंकी हमले के बाद सेना ने मोर्चा संभाला. साथ ही पैरा कमांडो के साथ फौज की स्पेशल टीम को भी आतंकियों के खात्मे के लिए बुला लिया गया. ये आतंकी सुंजवां आर्मी कैंप के फैमिली क्वॉर्टर में छिपे हुए थे, जिसके बाद क्वार्टर खाली कराए गए और सेना ने ऑपरेशन में टैंक का इस्तेमाल किया.

सेना के दो JCO शहीद, नौ लोग घायल
जम्मू कश्मीर लाइट इंफैंट्री की 36 ब्रिगेड के कैंप पर हुए इस आतंकी हमले में दो जूनियर कमिशंड अधिकारी (JCO) शहीद हो गए, जबकि एक मेजर समेत छह लोग घायल हो गए. सेना अधिकारी ने बताया कि इस आतंकी हमले में सूबेदार मदनलाल चौधरी और हवलदार हबीबुल्ला कुरैशी शहीद हो गए हैं, जबकि हमले में सेना के चार जवान, पांच महिलाओं और बच्चों सहित कुल नौ लोग घायल हुए. उन्होंने कहा कि सेना के दो घायल जवानों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. करीब 15 महीने पहले भी जम्मू क्षेत्र में इस तरह का हमला हुआ था.

पाकिस्तान में रची गई साजिश
सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद में मसूद अजहर और हिजबुल चीफ सल्लाउद्दीन के बीच बैठक में इस हमले की साजिश रची गई थी. आजतक के पास साजिश रचने का ऑडियो भी मौजूद है, जिसमें जैश सरगना और उसके गुर्गे रउफ असगर की बातचीत में हमले का खुलासा हुआ है.

सेना का बयान
जम्मू स्थित सेना के पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा, 'सेना ने हथियारों से लैस दो आतंकवादियों को मार गिराया है. उनके पास एके 56 राइफलें, बड़ी मात्रा में विस्फोटक और हथगोले थे.' अधिकारी ने कहा, 'आतंकियों के सामान की तलाशी से साबित होता है कि वो जैश ए मोहम्मद के थे.'
सेना ने कैंप में मौजूद 150 घर खाली करा लिए हैं. सभी आतंकियों के पकड़े या मारे जाने तक जारी ऑपरेशन जारी रहेगा.

Post A Comment: