उत्तराखण्ड में करीब 3 हफ्ते से चले आ रहे विधायक चैंपियन प्रकरण का आज पटापेक्ष हो गया. चैंपियन ने आज सुबह पहले सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत के साथ बैठक की और उसके बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट से मुलाकात की. अजय भट्ट से 50 मिनट की बैठक में चैंपियन ने अजय भट्ट को नोटिस का लिखित जवाब सौंपा जिसमें उन्होंने अपनी गलती मानी.
अपने आवास पर धन सिंह रावत चैंपियन को बाहर छोड़ने आए और सौहार्दपूर्ण माहौल में उन्हें विदा किया. इसके बाद न्यूज़ 18 के सवाल का जवाब देते हुए धन सिंह रावत ने कहा कि बातचीत बहुत अच्छी रही.
उन्होंने चैंपियन को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि उन्होंने चैंपियन को साफ़ कर दिया है कि आगे से अपनी बात पार्टी फ़ोरम पर ही रखें तो अच्छा होगा. इसके साथ ही धन सिंह रावत ने यह भी साफ़ कर दिया कि सहकारिता के चुनाव समय पर ही होंगे.
चैंपियन के हरिद्वार सहकारिता संघ के चुनाव करवाने की मांग के सवाल पर धन सिंह ने साफ़ कह दिया चुनाव समय पर ही होंगे किसी के दबाव में चुनाव नहीं होते.
धन सिंह से मिलने के बाद चैंपियन पार्टी अध्यक्ष अजय भट्ट से मिले. इसके बाद मीडिया के सामने चैंपियन और अजय भट्ट एक साथ आए और अजय भट्ट ने कहा कि चैंपियन ने अपनी गलती मान ली है और माफी मांगी है.


Post A Comment: