ऋषिकेश।  लक्ष्मणझूला क्षेत्र में ट्रैकिंग के दौरान जंगल में रास्ता भटके विदेशी को पुलिस ने दो घंटे बाद सकुशल बरामद कर लिया।थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि ऋषिकेश घूमने आए जार्जिया के 43 वर्षीय जियोरजी मैस्कसिडज मुनिकीरेती के एक होटल में ठहरे हैं। रविवार सुबह वह लक्ष्मणझूला थाने से 10 किमी दूर धौत्या गांव से आगे पहाड़ी पर ट्रैकिंग के लिए निकल पड़े। मगर, दोपहर को लौटते समय रास्ता भटकने से वह जंगल में फंस गए। बदहवास हालत में विदेशी ने अपने मोबाइल से लक्ष्मणझूला थाना पुलिस को सूचना दी तो पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस टीम धौत्या रवाना हो गई। यहां दो घंटे खोजबीन के बाद लोकेशन ट्रेस हुई तो पुलिस टीम को देख विदेशी ने राहत की सांस ली। जियोरजी ने पुलिस टीम में शामिल उपनिरीक्षक शशि पुरोहित, कांस्टेबल राजेश सेमल्टी, पुनीत त्यागी, अरविंद सिंह का आभार जताया।

Post A Comment: