उत्तराखंड में भाजपा ने आगामी निकाय चुनाव के लिए तैयारियां करनी शुरू कर दी हैं. निकाय चुनाव को लेकर देहरादून से दिल्ली तक रणनीति बनाने के लिए बैठकों का दौर शुरू हो गया है. भाजपा इस बार मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष के दावेदारों को स्थानीय जनता के फीडबैक के आधार पर ही चयनित करने का मन बना रही है. इसके लिए जल्द ही प्रांतीय स्तर की टीमें जिलों का भ्रमण करेंगी.
भाजपा इन नगर निकाय चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और त्रिवेंद्र सरकार की एक साल की उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाएगी. मंडल और बूथ स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं को निकाय के बेहर परिणाम के लिए और मजबूत किया जायेगा.
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नगर निकाय पर बोलते हुए कहा कि संगठन के मजबूत स्वरूप के लिए की जाने वाली संगठनात्मक बैठकों का बहुत अहम रोल होता है. यही वजह है कि संगठन स्तर पर निरंतर बैठक की जाती हैं.
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि निकाय चुनाव के लिहाज से सभी कार्यकर्ता अपने दायित्वों को बखूबी समझते हैं कि उनकी जिम्मेदारी क्या है. वहीं भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि सरकार के एक साल के कार्यकाल को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी निकाय चुनाव को लेकर पार्टी अलर्ट है.
भाजपा संगठन और सरकार निकाय चुनाव को लेकर रणनीति बनाने की कवायद में जुटे हैं. वहीं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री धन सिंह रावत ने आगामी निकाय चुनाव में दो तिहाई से भाजपा की जीत होने का दावा किया है.


Post A Comment: