ऋषिकेश। घर मे दुर्लभ प्रजाति का सफेद सांप दिखने से मोहल्ले में फैली सनसनी।
काले की ढाल स्थित एक घर में देर रात दुर्लभ प्रजाति का 12 फीट लंबा सफेद सांप निकलने से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सांप को देखने के लिए लोगों की भीड़ घर के बाहर इकट्ठा हो गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सांप को कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ कर बोरी में बंद करके जंगल में छोड़ दिया है।
गुरुवार की देर रात विनोद गोदियाल के घर में अचानक से बच्चों ने एक सफेद रंग का 12 फीट लंबा सांप देखा। घर में सांप होने की सूचना से परिवार वाले सहम गए। सांप किसी को काट ना लें इस डर से सभी घरवाले घर से निकल कर बाहर भागे। परिवार वालों को घर से बाहर निकलता देख किसी अनहोनी की आशंका के चलते मोहल्ले वाले भी इकट्ठे हो गए। जब मोहल्ले वालों को पता चला कि घर के अंदर सांप हैं तो सभी में भय का माहौल बन गया। इस दौरान किसी ने वन विभाग की टीम को सांप होने की सूचना दे दी। मौके पर पहुंची टीम ने पूरे घर की तलाशी ली तो सांप एक कोने में बैठा दिखाई दिया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने सांप को पकड़ने में सफलता हासिल की। वन विभाग के अधिकारी मंसाराम गौड़ ने बताया कि सांप 12 फीट लंबा है और यह दुर्लभ प्रजाति का सांप है। यह घर में कैसे पहुंचा यह एक बड़ा सवाल है। सांप के बारे में उन्होंने वन रेंजर सहित उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया है। उनके आदेश पर सांप को जंगल में छोड़ा जा रहा है। बताया कि यह सांप इतना जहरीला होता है यदि एक बार डंक लग गया तो व्यक्ति की मौत निश्चित ही है। बताया कि लोग इसे प्रेत के नाम से भी जानते हैं।

Post A Comment: