देहरादून: संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में उत्तराखंड के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का डंका बजाया है। हल्द्वानी निवासी अपूर्वा पांडे ने परीक्षा में 39वीं रैंक हासिल की है।
शुक्रवार देर शाम तक सामने आए नतीजों में प्रदेशभर के युवाओं ने परीक्षा में अपनी कामयाबी का लोहा मनवाया है। हर बार की तरह इस बार भी सिविल सेवा परीक्षा में प्रदेश के होनहारों ने अपनी मेधा का कमाल दिखाया। 
तमाम चुनौतियों और अड़चनों से पार पाकर इन युवाओं ने नया इतिहास रच दिया है। हल्द्वानी की अपूर्वा पांडे ने परीक्षा में ऑल इंडिया 39वीं रैंक हासिल की है। हल्द्वानी की ही स्नेहा मेहरा ने 188वीं रैंक हासिल की है। इसके अलावा ऋषिकेश निवासी वर्णित नेगी ने 504वीं रैंक प्राप्त की। 
वहीं दून की मोनिका राणा ने परीक्षा में 577 रैंक हासिल की है। बता दें कि यूपीएससी मुख्य परीक्षा 28 अक्टूबर, 2017 को आयोजित की गई थी। यह परीक्षा भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय विदेश सेवा, भारतीय पुलिस सेवा, केंद्रीय सेवा (समूह ए व समूह बी) और विभिन्न अन्य सरकारी विभागों में 990 पदों के लिए आयोजित की गई थी।
दोनों होनहार बेटियों ने पंतनगर विवि से की है स्नातक की पढ़ाई 
इरादे बुलंद हों तो सफलता कदम चूमती है। कामयाबी की कुछ ऐसी ही मिसाल हल्द्वानी की दो बेटियों ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सर्विसेज परीक्षा पास कर पेश की है। उन्होंने न केवल अपना बल्कि परिवार के साथ ही हल्द्वानी का नाम रोशन किया है। इस परीक्षा में अमरावती कॉलोनी, हल्द्वानी की अपूर्वा पांडेय ने 39वीं रैंक प्राप्त की है। 
कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर से बीटेक कर चुकी अपूर्वा के पिता केसी पांडे पॉलीटेक्निक कोटाबाग में लेक्चरर हैं और माता मीना पांडे जीजीआइसी नैनीताल में शिक्षिका हैं।
सफलता का श्रेय वह अपने माता-पिता को देती हैं। इसके अलावा लोहरियासाल तल्ला, हल्द्वानी की स्नेहा मेहरा ने भी 188वीं रैंक प्राप्त कर शहर का नाम रोशन किया है। स्नेहा ने भी कृषि एवं प्रोद्योगिकी विवि से बीएससी एग्रीकल्चर की डिग्री हासिल की है। पिता सेवानिवृत डीआइजी पीएस मेहरा हैं। शहर की दोनों होनहार बेटियों की इस कामयाबी पर परिवार के साथ ही सगे संबंधियों व शुभचिंतकों ने बधाई दी।

Post A Comment: