देहरादून: यदि मन में जज्बा हो तो आस्था में दिव्यांगता भी आड़े नहीं आ सकती। इस बार भी दिव्यांगों का दल केदारनाथ की खड़ी चढ़ाई को कृत्रिम पैरों की मदद से पार करेगा।
विगत वर्षों की तरह दिव्यांगजन प्रेरणा-2018 साहसिक मिशन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन नौटियाल कृत्रिम अंग केंद्र की ओर से 27 अप्रैल से एक मई के बीच किया जाएगा। इस साहसिक मिशन में गौरीकुंड से केदारनाथ धाम व वापस कुल 36 किमी की पैदल यात्रा दिव्यांगजन कृत्रिम पांव की सहायता से करेंगे।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. वीके नौटियाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि दिव्यांगजनों के इस साहसिक मिशन को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल फ्लैग ऑफ करेंगे। इस दौरान सभी दिव्यांगजन अतिथियों को एक बेल वृक्ष भी भेंट करेंगे।
यात्रा दल गौरीकुंड पहुंचकर केदारनाथ धाम के लिए 28 अप्रैल को कृत्रिम पांव की सहायता से पैदल साहसिक मिशन के लिए निकलेगा। 29 अप्रैल को बाबा केदार के दर्शन कर यह दल वापस गौरीकुंड आएगा।


Post A Comment: