अल्मोड़ा I गर्मियां आते ही जल संकट की ख़बरें आने लगी हैं. अल्मोड़ा में जल संकट दूर करने के लिए इस बार घोड़े-खच्चरों से भी पेयजल आपूर्ति की जाएगी.
अल्मोड़ा की ज़िलाधिकारी ईवा आशीष ने ज़िले की पेयजल आपूर्ति के लिए संबंधित विभागों की बैठक ली और तैयारियों का जायज़ा लिया. डीएम ने बताया कि ज़िले में सबसे ज़्यादा पानी के टैंकरों की सबसे ज़्यादा मांग सल्ट से आ रही है.
टैंकरों से पानी की आपूर्ति समय पर सुनिश्चित करवाने के लिए जल निगम को भी पानी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए जा रहे हैं. दरअसल जल संस्थान के टैंकरों को अपने फ़िलिंग स्टेशन के लिए पानी लेने के लिए कई बार 40 किलोमीटर तक जाना पड़ता है.
ज़िलाधिकारी के अनुसार जल निगम के फ़िलिंग स्टेशन से पानी भरने की सुविधा मिलने के बाद यह दूरी चार-पांच किलोमीटर तक रह जाएगी इससे समय की भी बजत होगी और ईंधन की भी.
टैंकरों की कमी की वजह से पेयजल आपूर्ति बाधित न हो इसलिए इस बार घोड़े और खच्चरों से भी पेयजल की आपूर्ति करने का फ़ैसला किया गया है.
लीक हो रही पेयजल लाइनों को भी जल्द ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं. डीएम ने कहा कि सड़कों के निर्माण की वजह से पेयजल लाइनें टूट रही हैं. इसलिए यह निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि जो भी विभाग पेयजल लाइनों को नुकसान पहुंचाएगा उस पर आपदा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी.


Post A Comment: