देहरादून: मौसम विभाग के अलर्ट के अनुरूप देहरादून व आसपास के क्षेत्र में देर रात मौसम का मिजाज बिगड़ा और तेज हवाएं चली। इस दौरान बिजली आपूर्ति को ऐहतियातन बंद कर दिया गया। तेज हवाओँ के बाद उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। किसी भी क्षेत्र में अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। 
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड में दो दिन चुनौती भरे हो सकते हैं। चेतावनी जारी की गई है कि ओलावृष्टि के बाद 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। पिछले दिनों कुमाऊं में आंधी से चार लोगों की जान चली गई थी। इसके चलते देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, हरिद्वार, अल्मोड़ा और बागेश्वर में 12वीं तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। 
कल केदारनाथ धाम में बर्फबारी हुई थी। आज सुबह बदरीनाथ धाम में बर्फबारी हुई। चारधाम सहित गढ़वाल मंडल के साथ ही कुमाऊं के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। हेमकुंड में भी बर्फबारी के चलते यात्रा की तैयारियों के कार्य ठप पड़े हैं।  वहीं यमुनोत्री हाईवे डाबरकोट के पास भूस्खलन होने से बंद हो गया। आंधी के चलते देहरादून में कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए।   

बर्फबारी की वजह से हरीश रावत फंसे केदारनाथ 
खराब मौसम के चलते कांग्रेस के नेता एवं पूर्व सीएम हरीश रावत सहित, सांसद प्रदीप टम्टा के साथ ही विधायक मनोज रावत केदारनाथ धाम में फंस गए हैं। वहां लगातार बारिश और बर्फबारी के चलते हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पा रहा है। ऐसे में इन नेताओं को वहां मौसम खुलने का इंतजार है।

Post A Comment: