नैनीताल: केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री रामदास अठावले ने भारत सरकार की एससी-एसटी संचालित कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को एससी-एसटी एक्ट के तहत लंबित प्रकरणों में प्राथमिकी दर्ज कर पीड़ि‍त को आर्थिक सहायता दिलाने के प्रपत्र भेजने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय मंत्री ने जिले में ओल्ड एज होम खोलने का प्रस्ताव मांगा है।
गुरुवार शाम को केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने नैनीताल क्लब में समाज कल्याण संचालित कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जिले में संचालित आश्रम पद्धति विद्यालय व एससी-एसटी छात्रों के आवासीय छात्रावासों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी हासिल की। राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना व एससी-एसटी छात्रवृत्ति योजना की गहन समीक्षा की।
डीएम ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि वृद्धावस्था पेंशन में भारत सरकार से 13844 लाभार्थियों के लिए 6.24 करोड़, 92 दिव्यांग पेंशन के लिए पांच लाख दस हजार, 147 राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के पात्रों के लिए 29.40 लाख की धनराशि मिली थी, जिसे वितरित कर दिया गया है। समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत ने बताया कि एससी-एसटी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज लंबित 23 मामलों में पीड़ित पक्ष को 52.25 लाख आर्थिक सहायता की डिमांड भारत सरकार से की गई है। बैठक में एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव भी मौजूद थे।

Post A Comment: