देहरादून: उत्तराखंड में पारे की उछाल के साथ ही जंगलों की आग ने वन महकमे की बेचैनी बढ़ा दी है। अकेले सोमवार को ही वन क्षेत्रों में आग की 150 से ज्यादा घटनाएं सामने आई। फिर अगले चार दिन तक मौसम का जैसा रुख रहने की संभावना है, उसने चिंता और बढ़ा दी है। इस सबके मद्देनजर वन विभाग ने राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। 
अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। आग पर नियंत्रण के लिए सभी जिलों के जिला प्रशासन के साथ ही अन्य विभागों और ग्रामीणों की मदद लेने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य का शायद ही कोई वन प्रभाग ऐसा होगा, जहां जंगलों में आग न धधक रही हो। पिछले दो दिन से पारे में उछाल और तेज हवा के साथ ही आग की घटनाओं में इजाफा हुआ है। 
विभागीय आंकड़ों को ही देखें तो रविवार को 65 जगह फायर अलर्ट जारी किया गया, जिनमें से 26 स्थानों पर आग लगी पाई गई। सोमवार को इसमें और इजाफा हुआ। आरक्षित वन क्षेत्रों में 255 और इससे बाहर 131 फायर अलर्ट जारी किए गए। इनमें से 150 से अधिक स्थानों पर आग लगने का अनुमान है।
मैदान से लेकर पहाड़ तक सभी जगह दिनभर ही वन कार्मिक और ग्रामीण आग बुझाने में जुटे रहे। राज्य के नोडल अधिकारी (वनाग्नि) एवं अपर प्रमुख मुख्य वन संरक्षक बीपी गुप्ता के अनुसार जंगलों में आग की बढ़ती घटनाओं और मौसम के मिजाज को देखते हुए राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी कार्मिकों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। 
संसाधनों की कमी होने की दशा में संबंधित क्षेत्र के जिलाधिकारियों की मदद ली जाएगी। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग, पेयजल समेत अन्य विभागों के साथ ही ग्राम व वन पंचायतों का सहयोग लेने के निर्देश जारी किए गए हैं। भारी गुजरेंगे अगले चार दिन जंगलों की आग के लिहाज से अगले चार दिन बेहद भारी गुजर सकते हैं।
मौसम विभाग की ओर से वन विभाग को जारी एडवाइजरी के मुताबिक 25 मई तक मौसम शुष्क रहने के साथ ही पारा अधिक उछाल भरेगा और अपराह्न बाद 20 से 35 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। ऐसे में जंगलों में आग अधिक भड़क सकती है। 
इसे देखते हुए आग को नियंत्रित करने के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लोस की याचिका समिति भी करेगी मंथन उत्तराखंड के दौरे पर आई लोकसभा की याचिका समिति भी 24 मई को अल्मोड़ा में उत्तराखंड में दावानल की समीक्षा करेगी। इस मौके पर जंगल की आग से निबटने को दीर्घकालिक कार्ययोजना पर भी मंथन किया जाएगा।

Post A Comment: