-लाइन में लगे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया
-निचले क्षेत्रों में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में भारी बर्फवारी के चलते तीर्थयात्रियों को दिक्कतों से गुजरना पड़ रहा है। एक ओर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फवारी हो रही है, वहीं दूसरी ओर निचले क्षेत्रों में बारिश लगातार जारी है। ऐसे में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जिसका असर यात्रा पर पड़ रहा है।
रविवार को केदारनाथ में दोपहर बाद भारी बर्फवारी होने लगी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन की ओर से लाइन में लगे श्रद्धालुओं की सुरक्षा करते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। लाइन में खड़े यात्री बर्फवारी बंद होने का इंतजार करते रहे, मगर बर्फवारी बंद नहीं हुई। करीब तीन घंटे तक धाम में बर्फवारी होती रही। ऐसे में पुलिस के जवानों ने तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा। वैसे केदारनाथ में इन दिनों यात्रियों की संख्या कम है। ऐसे में रहने की पर्याप्त व्यवस्था है। पुलिस प्रशासन की ओर से मौसम को देखते हुए तीर्थयात्रियों का हर समय ख्याल रखा जा रहा है। केदारनाथ में भारी ठंड पड़ रही है। कई जगहों पर अलाव की व्यवस्था भी की गई है। एसआई विपिन चन्द्र पाठक ने बताया कि केदारनाथ के मौसम में अचानक से बदलाव आ रहे हैं। रविवार को दोपहर बाद हुई भारी बर्फवारी ने तीर्थयात्रियों की परेशानियों को बढ़ा दिया। पहले तीर्थयात्री बर्फवारी बंद होने का इंतजार करते रहे, मगर काफी समय बाद भी बर्फवारी बंद नहीं हुई तो पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों की ओर रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों को विशेष ख्याल रखा जा रहा है। बरसात के चलते यात्रा में भी काफी कमी आ चुकी है। वहीं निचले इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को गर्मी से निजात तो मिली है, मगर आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही है। राजमार्गों के जगह-जगह मलबा आया हुआ है और पैदल मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गये हैं। आने-जाने में यात्रियों को परेशानियां हो रही हैं। 

Post A Comment: