देहरादून: प्रेमनगर के कोटला संतूर में निर्माणाधीन भवन की छत गिरने से उसके मलबे के नीचे तीन मजदूर दब गए। आनन-फानन तीनों को मलबे से बाहर निकालकर सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई। दोनों मजदूर मूलरूप से बिहार के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार कोटला संतूर में संदीप चौहान निवासी सिल्वर हाइट पौंधा की ओर जिम का निर्माण कराया जा रहा है। यहां एक दर्जन से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। छत का सांचा खोले जाने के दौरान पूरी छत भरभराकर मजदूरों के ऊपर गिर पड़ी।
कुछ मजदूर तो वहां से बच निकलने में कामयाब रहे, लेकिन सुरेंद्र (60), समंदर मंडल (35) और रूपकिशोर (50) निवासी बिहार मलबे के नीचे दब गए। आसपास काम कर रहे मजदूरों ने जैसे-तैसे मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला और सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान सुरेंद्र और समंदर मंडल की मौत हो गई। वहीं, रूपकिशोर की हालत नाजुक बनी हुई है।
एसओ प्रेमनगर मुकेश त्यागी ने बताया कि मृत मजूदरों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मजूदरों के साथ काम करने वालों से दोनों के परिवार के बारे में जानकारी जुटा कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले में तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Post A Comment: