टिहरी: देवप्रयाग से पास सड़क पर बस पलटने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 15 घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर है। बस ऋषिकेश से बदरीनाथ जा रही थी। हादसे का कारण ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। बस में कुल 17 यात्री थे। ये सभी उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद (जिला गाजियाबाद) के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार घटना रविवार सुबह साढ़े नौ बजे की है। देवप्रयाग से आगे ब्रेक फेल हो गया और बस पलट गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू किया। हादसे में सुषमा जैन (64 वर्ष) पत्नी सुमित निवासी सेक्टर-5 राजेंद्रनगर साहिबाबाद गाजियाबाद की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों को देवप्रयाग के पास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी में भर्ती कराया गया। यहां निशा जैन (51 वर्ष) पत्नी दिनेश जैन निवासी सेक्टर-5 राजेंद्रनगर साहिबाबाद ने दम तोड़ दिया। चार घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए बेस अस्पताल श्रीनगर (जिला पौड़ी गढ़वाल) रेफर किया गया है। देवप्रयाग के थाना प्रभारी विनोद राणा ने बताया कि बस को यात्री साहिबाबाद से ही बुकिंग पर लाए थे। शनिवार को ये लोग ऋषिकेश पहुंचे और रात्रि विश्राम के बाद रविवार सुबह बदरीनाथ के लिए रवाना हुए थे।

Post A Comment: