श्रीनगर I सीमा पर पाकिस्तान की नापाक हरकत एक बार फिर सामने आई है. जम्मू कश्मीर के सांबा सेक्टर की चमलियाल पोस्ट पर सीमा पार से फायरिंग की गई, जिसमें बीएसएफ के तीन अफसर और एक जवान शहीद हो गए. वहीं, पांच जवान जख्मी हुए हैं.
जानकारी के मुताबिक, जम्मू कश्मीर के सांबा सेक्टर की चमलियाल पोस्ट पर पाकिस्तानी रेंजर्स की ओर से फायरिंग की गई. इस हमले में बीएसएफ के असिस्टेंट कमांडेंट जतिंदर सिंह, असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर राम निवास और जवान हंस राज शहीद हो गए. वहीं, एक सब इंस्पेक्टर फायरिंग की वजह से गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. ये हमला बुधवार की सुबह किया गया.
गौरतलब है कि एलओसी पर पिछले कुछ महीनों में संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं में लगातार तेजी आई है. इसी के मद्देनजर दोनों मुल्कों ने सीमा पर तनाव कम करने के लिए बातचीत का फैसला किया था.
बता दें, अभी 29 मई को भारत और पाकिस्तान के बीच डीजीएमओ स्तर की बातचीत हुई थी, जिसमें 2003 के संघर्ष विराम समझौते को पूरी तरह लागू करने पर सहमति बनी थी. लेकिन आज फिर पाकिस्तान ने नापाक हरकत करते हुए सीमा पर सीजफायर का उल्लंघन किया.
भारत के डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान और पाकिस्तान के मेजर जनरल साहिर शमशाद मिर्जा के बीच बातचीत के बाद दोनों सेनाओं ने समान बयान जारी कर कहा कि दोनों देश 15 साल पुराने संघर्ष विराम समझौते को पूरी तरह से लागू करने पर सहमत हुए थे. साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि दोनों ओर से संघर्ष विराम का उल्लंघन ना हो. विशेष हॉटलाइन संपर्क की पहल पाकिस्तानी डीजीएमओ की ओर से की गई थी.
बातचीत में दोनों डीजीएमओ सीमा पर संयम रखने और स्थानीय कमांडरों की फ्लैग मीटिंग के मौजूदा तंत्र के जरिए हल करने पर भी सहमत हुए थे. लेकिन पाकिस्तान की हालिया कार्रवाई से इन सभी कोशिशों पर पानी फिरता नजर आ रहा है.


Post A Comment: