नैनीताल : विकासखंड धारी के दुर्गम इलाकों के लिए नवनिर्मित दो करोड़ की पेयजल योजना का शनिवार को पेयजल व वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने गुनियालेख में लोकार्पण किया। इस दौरान मंत्री ने बताया कि सरकार 2022 तक सब को पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। इसलिए भारत सरकार, केंद्र सरकार, विश्व बैंक, नाबार्ड के माध्यम से धन की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने 99.99 लाख की गुनिगांव एवं पनियाली स्रोत संवर्धन पेयजल योजना और हरिनगर सरना मिनी नलकूप पेयजल योजना का लोकार्पण किया और प्यूड़ा, भूगड़ा तथा गोला कलाआगर पंपिंग योजना के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सड़कों के निर्माण, मरम्मत व अनुरक्षण के लिए दस करोड़ धनराशि देने का भरोसा दिलाया।
गुनियालेख इंटर कॉलेज में जीर्ण-शीर्ण भवन का नव निर्माण 15वें वित्त आयोग से कराने की बात वित्त मंत्री ने कही। विधायक राम सिंह कैड़ा ने क्षेत्र की अनेकों समस्याओं से वित्त मंत्री को अवगत कराया और जीआइसी गुनियालेख में फर्नीचर के लिए एक लाख और प्राथमिक विद्यालय पलड़ा के लिए पचास हजार की धनराशि देने की घोषणा की। इस दौरान ग्राम प्रधान राजेन्द्र प्रसाद, संजय पांडे, हरीश गंगोला, जीवन बर्गली, प्रदीप बिष्ट, प्रधानाचार्य रमेश द्विवेदी आदि उपस्थित थे।


Post A Comment: