श्री देवी की बेटी जाह्नवी कपूर इन दिनों अपनी फ़िल्म 'धड़क' के प्रमोशन के चलते काफी व्यस्त है. जाह्नवी ने इस फ़िल्म के प्रोमोशन के दौरान अपनी मां और उनकी फ़िल्मों से जुड़े कई क़िस्से शेयर करते हुए कुछ बड़े ख़ुलासे किए हैं.

जाह्नवी कपूर ने अपनी मां को याद करते हुए कहा कि यूं तो मम्मी की हर फ़िल्म ही उनके लिए ख़ास है लेकिन मां की फ़िल्म 'सदमा' उनकी पसंदीदा फ़िल्मों में से एक है. जाह्नवी बताती हैं कि वह क़रीब 9 साल की थी जब उन्होंने फ़िल्म 'सदमा' देखी थी जिसमें उनकी मां कमल हासन को रुलाती हैं और अंत में उन्हें पहचानती तक नहीं. जाह्नवी कहती है कि उस वक़्त मुझे वो फ़िल्म देखकर मां पर बहुत ग़ुस्सा आया और मैंने उनसे  दो दिन तक बात नहीं की थी.

जाह्नवी कहती है कि मैं मां श्री देवी की फ़िल्में देख नहीं पाती थी क्योंकि मैं अपनी मां को रोते हुए नहीं देख पाती थी. और असल में मम्मी का किरदार हर फ़िल्म में बहुत रोने वाला होता था. जाह्नवी बताती हैं कि हालांकि मैंने मम्मी की फ़िल्म चालबाज़ देखने की कोशिश की थी लेकिन चालबाज़ में उनके एक किरदार को ख़ूब रुलाया जाता है जिसकी वजह से अपनी मां के रोते हुए किरदार के कारण जाह्नवी पूरी फ़िल्म नहीं देख पायी थी.

आगे बातचीत जारी रखते हुए जाह्नवी कहती हैं कि उन्हें अपनी मां की फ़िल्म सदमा इसीलिए बहुत पसंद है क्योंकि उस फ़िल्म में मां ख़ुद नहीं रोती बल्कि दूसरों को रुलाती हैं. जाह्नवी कहती है कि उनकी मां अपने हर किरदार को महसूस कर पर्दे पर जीती थीं जिसकी वजह से वह उस किरदार में फरफ़ेक्ट लगती थीं. ऐसा लगता था कि वह किरदार बना ही उनके लिए है.

जाह्नवी को उनकी मां श्रीदेवी अक्सर यही टिप्स देती थीं कि काम को ईमानदारी से और किरदार को महसूस करके शूट करोगी तो बेहतर अभिनय कर सकोगी. आपको बता दे श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर की पहली फ़िल्म धड़क 20 जुलाई को बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देगी. फ़िल्म धड़क में जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर की रोमांटिक केमेस्ट्री पर्दे पर नज़र आएगी.

Post A Comment: