हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित गौजाजाली क्षेत्र में टाइल्स के गोदाम में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध शराब का जखीरा बरामद किया है। गोदाम में पांच हज़ार से अधिक पेटियों में दो करोड़ की अवैध शराब मिली। विभाग ने गोदाम से चैकीदार को हिरासत में ले लिया है। गोदाम मालिक फरार हो गया। फिल्हाल चैकीदार की गिरफ्तारी के अलावा इस मामले में और कोई हत्थे नहीं चढ़ा है। गुरुवार को आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि गौजाजाली के एक टाइल्स के गोदाम में भारी मात्रा में अवैध शराब की पेटियां रखी हैं। सूचना पर आबकारी विभाग के उप आयुक्त प्रदीप सिंह के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक महेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में एक टीम तैयार की गयी। इस टीम ने बताए स्थान पर छापेमारी की। टाइल्स के गोदाम में पांच हजार से ज्यादा पेटियां रखी मिलीं। जिन्हें खोलने पर उनमें भारी मात्रा में शराब मिली। अवैध शराब की पेटियों को गोदाम में सेनेटरी सामान के साथ ही छुपाकर रखा गया था ताकि किसी को शक न हो। टीम ने मौके से एक चैकीदार जवाहर पुत्र सुखलाल को हिरासत में लिया है। बरामद अवैध शराब की कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। फिलहाल टीम गोदाम मालिक की तलाश में जुट गयी है।


Post A Comment: