देहरादून: मौसम के तेवरों से उत्तराखंड सहमा हुआ है। शनिवार रात से शुरू हुआ बारिश सिलसिला रुक-रुक कर जारी है। नदी-नालों में उफान के कारण कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इस बीच तड़के चमोली जिले की कर्णप्रयाग और पोखरी तहसील में बादल फटने से खासा नुकसान हुआ है। कर्णप्रयाग के सुनाली गांव में मकान ध्वस्त होने से एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। वहीं ऋषिकेश के निकट सौंग नदी का पानी एक गांव में घुस गया। इससे गांव में अफरातफरी रही। एसडीआरएफ के जवानों ने मौके पर राहत कार्य चलाया। दूसरी ओर हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने शासन को नदियों के किनारे रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की सलाह दी है। 
चमोली में बादल फटने से सुनाली गांव के पास बहने वाली बरसाती नदी में बाढ़ आ गई। पानी के साथ बहकर आए बोल्डर (बड़े पत्थर) की चपेट में आने से गांव का एक मकान ध्वस्त हो गया, जबकि चार को आंशिक क्षति पहुंची है। गांव का मुख्य सड़क से संपर्क कट गया है। 
घटना में चार लोगों के घायल होने के साथ ही तीन मवेशियों की भी मौत हुई है। प्रशासन की टीम मौके पर राहत कार्यों में जुटी है। इसके अलावा चमोली जिले की पोखरी तहसील में की उत्तरों ग्राम सभा में गोशाला ढह गई। मलबे में दो मवेशी जिंदा दफन हो गए। चमोली की जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने बताया कि प्रभावित गांवों के लिए प्रशासन की टीम रवाना हो चुकी हैं।

Post A Comment: