देहरादून: बीते 24 घंटे से उत्तराखंड में रुक-रुक कर हो रही बारिश से जन-जीवन पटरी से उतर गया। सबसे ज्यादा असर देहरादून जिलेे में रहा। ऋषिकेश के निकट सौंग नदी के उफान से गांवों में पानी घुस गया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। फसलें जलमग्न होने से किसानों को खासा नुकसान पहुंचा है। विभिन्न स्थानों पर वाहन भी फंसे रहे। हरिद्वार में हरकी की पैड़ी के पास मलबा आने से कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचा। हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा चेतावनी रेखा को छूने लगी है। नदी किनारे की बस्तियों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
देहरादून और हरिद्वार में नदियों का उफान जिंदगी पर भारी पड़ा। हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्र में बाजार से घर लौट रही महिला की नदी पार करते हुए डूबने से मौत हो गई। वहीं, रुड़की क्षेत्र में खेलते- खेलते भाई-बहन उफनते नाले के बहाव की चपेट में आए। हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके छह साल के भाई को बचा लिया गया। इसके अलावा निकट के बिहारीगढ़ क्षेत्र में भी चार श्रमिकों भी स्थानीय नदी में डूबने से बचाया गया। विकासनगर में कार से शीतला नदी पार कर रहे बैंक प्रबंधक और उनके साथी बहाव की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को सकुशल निकाल लिया।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को भी राहत की उम्मीद नहीं है। केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक कहीं-कही भारी बारिश की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए शासन ने भी एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत आपदा प्रबंधन से जुड़ विभागों को सजग रहने के आदेश दिए गए हैं, वहीं यात्रियों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।


Post A Comment: