देहरादून : उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र आकाश अंबानी और हीरा कारोबारी रसेल मेहता की बेटी श्लोका की दिसंबर में होने वाली शादी का गवाह उत्तराखंड में अखंड सौभाग्य का प्रतीक त्रियुगी नारायण मंदिर भी बन सकता है। बताते हैं कि अंबानी परिवार की बहू बनने जा रही श्लोका ने ही त्रियुगी नारायण के महत्व को देखते हुए वहां विवाह की किसी रस्म की इच्छा जताई है। इस बीच अंबानी परिवार ने अपने कुल पुरोहित से त्रियुगी नारायण के बारे में जानकारी ली। इसके बाद अंबानी की कंपनी रिलायंस के अधिकारियों ने बदरी-केदार मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह से यहां के महत्व के बारे में जानकारी ली। साथ ही त्रियुगीनारायण का दौरा भी किया।
हालांकि, इसकी किसी को भनक नहीं लग पाई। वहीं, यह भी बताया जा रहा कि उद्योगपति रसेल मेहता के पार्टनर अनिरुद्ध देश पांडे ने भी त्रियुगी नारायण में विवाह की किसी रस्म का सुझाव दिया था। चूंकि, प्रदेश सरकार त्रियुगी नारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है तो ऐसे में अंबानी परिवार के बेटे की शादी की किसी रस्म से वहां इसकी शुरुआत की जा सकती है। हालांकि, सूत्रों की मानें तो त्रियुगी नारायण में सीमित व्यवस्थाओं को देखते हुए वहां केवल जयमाला का कार्यक्रम हो सकता है। यद्यपि, अभी यह फाइनल नहीं हुआ है कि विवाह समारोह की कोई रस्म यहां होगी अथवा नहीं। अभी केवल विचार है।


Post A Comment: