देहरादून: दून विवि में छात्र सोसायटी के चुनाव में आठ स्कूलों के 28 प्रतिनिधि निर्वाचित हुए हैं। मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों को विवि सभागार में शपथ दिलाई गई। इस दौरान बताया गया कि निर्वाचित प्रतिनिधि अब छात्र परिषद के चुनाव में प्रतिभाग करेंगे।
प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव के शोरगुल के बीच दून विवि में छात्र परिषद के लिए स्कूल सोसायटी के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुए। यहां आठ स्कूलों के स्नातक और स्नातकोत्तर में दो-दो प्रतिनिधि के लिए 48 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। सुबह नौ बजे से एक बजे तक अलग-अलग स्कूलों में मतदान हुआ। इस दौरान आठ स्कूलों में पंजीकृत 1709 में से 1317 छात्र-छात्राओं ने अपने मत का प्रयोग किया। मतदान संपन्न होने के बाद तीन बजे से मतगणना शुरू हुई। शाम करीब पांच बजे विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की गई।
यूनिवर्सिटी सभागार में कुलपति डॉ.सीएस नौटियाल ने नवनिर्वाचित सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में सदैव सकारात्मक सोच रखनी चाहिए। रचनात्मक कार्यों में सहभागिता से तरक्की के द्वार खुलते हैं। उन्होंने शैक्षिक उन्नयन में छात्र-छात्राओं की सहभागिता जरूरी बताई। इससे पहले मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एचसी पुरोहित ने विजयी प्रत्याशियों और उनके प्रतिद्वंद्वियों को मिले वोट की जानकारी दी। इस मौके पर रजिस्ट्रार डॉ. एमएस मंद्रवाल, डिप्टी रजिस्ट्रार दुर्गेश डिमरी, नरेंद्र लाल, दिनेश पुरोहित, प्रशांत मेहता, संदीप रावत, मदनमोहन उपाध्याय, प्रो. हर्ष डोभाल, डॉ. शिखा अहमद, डॉ. प्राची पाठक, डॉ. आशीष कुमार, डॉ. चंद्रिका कुमार आदि मौजूद रहे।

Post A Comment: