चमोली: उत्तराखंड में चमोली से सटी सीमा पर चीनी सैनिकों की घुसपैठ का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जुलाई के बाद अगस्त में भी चीन के सैनिकों ने बाड़ाहोती क्षेत्र में घुसपैठ की। बताया जा रहा है कि इस दौरान चीनी सैनिक सीमा से चार किलोमीटर भीतर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) की चौकी के करीबतक आ गए। जवानों के कड़े प्रतिरोध के बाद ये सैनिक वहां से लौटे। हालांकि चमोली की जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने किसी तरह की घुसपैठ की जानकारी से इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि इस बारे में सेना ही कुछ बता सकती है।
इससे पहले इस साल जुलाई में भी बाड़ाहोती इलाके में चीनी के सैनिक वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलओसी) को पार कर भारतीय इलाके में घुसे थे। यह हरकत एक बार नहीं, पांच बार दोहराई गई। तब तीन, छह, सात, आठ और दस जुलाई को सीमा का अतिक्रमण किया गया। इस दौरान इन सैनिकों की आइटीबीपी के जवानों से नोकझोंक भी हुई। सूत्रों के अनुसार करीब एक माह बाद छह अगस्त को करीब दो दर्जन चीनी सैनिक फिर भारतीय सीमा के भीतर देखे गए।


Post A Comment: