देहरादून: प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर विपक्ष ने गुरुवार को सरकार को घेरा। विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन नियम 58 में चर्चा के दौरान विपक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। आमजन में भय का माहौल है। हालांकि, सरकार की ओर से पिछली कांग्रेस सरकार के पांच साल में हुए अपराधों और इस साल जनवरी से अगस्त तक के आंकड़ों से आइना दिखाने का प्रयास किया गया तो विपक्षी सदस्य भड़क उठे। उन्होंने हंगामा किया और सत्तापक्ष व विपक्ष के मध्य नोकझोंक भी हुई।

गुरुवार को सदन की कार्रवाई प्रारंभ होते ही नेता प्रतिपक्ष डॉ.इंदिरा हृद्येश समेत विपक्ष के अन्य सदस्यों ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर नियम 310 (सभी कार्य रोककर चर्चा करना) के तहत चर्चा की मांग की। इस पर पीठ ने व्यवस्था दी कि इसे नियम 58 की ग्राह्यता पर सुना जाएगा। भोजनावकाश के बाद इस विषय पर चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ.हृद्येश ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चौपट है और अपराधियों में कोई भय नहीं है। महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा के कोई बंदोबस्त नहीं हैं। हत्या, लूटपाट, डकैती, दुष्कर्म जैसे संगीन अपराधों में बढ़ोत्तरी से हर कोई चिंतित है। सरकार इसे गंभीरता से ले।

Post A Comment: