देहरादून: दून में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का अभियान जारी है। टास्क फोर्स ने 161 अतिक्रमण पर लाल निशान लगाए, वहीं, नगर निगम ने अवैध ठेलियों के खिलाफ अभियान चलाया। 

शहर में अवैध ठेलियों और फूड वैन के खिलाफ अभियान में नगर निगम की चेकिंग टीम ने तीन फूड वैन और बीस ठेलियां जब्त कर लीं। इस दौरान करीब पांच सौ अवैध बैनर व पोस्टर भी हटाए गए। 

नगर आयुक्त के निर्देश पर भूमि कर अधीक्षक विनय प्रताप सिंह के निर्देशन में टीमों ने शहर में अभियान चलाया। निगम में शिकायत मिल रही थी कि शहर में कईं इलाकों में अवैध फूड वैन संचालित हो रही हैं। इसके अलावा अवैध ठेलियां भी यातायात में बाधा बन रही हैं। फूड वैन के सड़क किनारे खड़े रहने के चलते वाहनों को लोग सड़क पर पार्क कर देते हैं और वहां जाम लग जाता है।  

50 रैग पिकर्स को बांटे पहचान पत्र

नगर निगम की ओर से शहर में कूड़ा बीनने वाले (रैग पिकर्स) को पहचान पत्र को सुरक्षा उपकरण बांटे गए। वर्ष 2012 में स्थापित वेस्ट वारियर्स संस्था की ओर से यह मुहिम चलाई जा रही है। निगम के मुताबिक, कूड़ा प्रबंधन क्षेत्र में रैग पिकर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 

निगम टाउन हॉल में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें नगर निगम समेत उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और शहरी विकास विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान 50 रैग पिकर्स को पहचान पत्र और दस्ताने, मास्क, टोपी व रिफ्लेक्टिंग जैकेट दी गई। 

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सचिव एसपी सुबुद्धि ने नेस्ले कंपनी के साथ किए गए करार का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें दस खाली पैकेट मैगी के वापस देने पर एक मैगी का पैकेट कंपनी द्वारा ग्राहक को दिया जाता है। नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि अक्टूबर में रैग पिकर्स का सर्वे किया जाएगा। शहरी विकास के अपर निदेशक उदय सिंह राणा ने इनका स्वास्थ्य बीमा कराने की बात भी कही। 

टास्क फोर्स ने 161 अतिक्रमण पर लगाए लाल निशान

शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत शुक्रवार को टास्क फोर्स ने 161 अतिक्रमण पर लाल निशान लगाए। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों ने कार्रवाई में सहयोग करते हुए निष्पक्ष और सही नक्शे के मुताबिक सीमांकन की मांग की। इधर, अफसरों की कमी के चलते ध्वस्तीकरण की कार्रवाई ठप रही। 

हाईकोर्ट के आदेश पर नगर निगम क्षेत्र की सड़क, फुटपाथ, नाली और सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। टास्क फोर्स ने बिंदाल पुल के पास तिलक रोड पर अतिक्रमण चिह्नित किया। यहां करीब 100 अतिक्रमण पर लाल निशान लगाए गए। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ खुड़बुड़ा पुलिस चौकी के पास सबसे ज्यादा अतिक्रमण चिह्नित किए गए। 

इसके अलावा कांवली रोड पर भी टास्क फोर्स ने 61 अतिक्रमण पर लाल निशान लगाए। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों ने टास्क फोर्स की टीम से अनुरोध किया कि जो भी कार्रवाई हो, वह निष्पक्ष हो। इस दौरान चिह्नीकरण में उपयोग किए जा रहे नक्शे को लेकर भी लोगों ने स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। 

हालांकि, मौके पर अधिकारियों ने 1938 के नक्शे के अनुसार लाल निशान लगाने की बात कही। उधर, शहर में चिह्नित 7982 अतिक्रमण के बावजूद अभी तक सिर्फ 4526 पर ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा सकी है। अधिकारियों की व्यस्तता के चलते ध्वस्तीकरण की कार्रवाई ठप रही।

Post A Comment: