देहरादून: निकाय चुनाव में नाम वापसी के बाद देहरादून जनपद के छह निकायों में महापौर और पार्षदों के 878 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। ऐसे में अपने पक्ष में वोटरों को रिझाने के लिए प्रत्याशियों ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
निकाय चुनाव के लिए नगर निगम के महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए एक हजार से ज्यादा प्रत्याशियों ने दावेदारी की थी। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 933 पार्षद और सभासद तथा 48 महापौर और अध्यक्ष के नामांकन सही पाए गए। शनिवार को नाम वापसी के दिन सुबह से ही भाजपा और कांग्रेस के नेता अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में बागियों समेत निर्दलियों को मनाने में जुटे रहे।
इस दौरान नगर निगम ऋषिकेश में तीन और देहरादून में दो प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिए। जबकि नगर पालिका डोईवाला और हरबर्टपुर में एक-एक उम्मीदवार ने नाम वापस लिए। इसी तरह पार्षदों पर पार्टियों ने ज्यादा फोकस रखा। नगर निगम दून में 68, ऋषिकेश में 14, नगर पालिका डोईवाला में नौ और मसूरी में पांच प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एसए मुरुगेशन ने बताया कि नाम वापसी के बाद निकाय चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है। सभी प्रत्याशियों को आचार संहिता का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रचार और मतदान को लेकर प्रत्याशियों के साथ बैठक की जाएगी।


Post A Comment: