देहरादून: दून की बेटियां पढ़ भी रही हैं और आगे बढ़ भी रही हैं। इस वर्ष पीसीएस जे की परीक्षा पास कर दून की तीन बेटियों ने अपने हुनर का लोहा मनाया। विषय परिस्थितियों का सामना करते हुए बेटियां सफलता के शिखर पर पहुंची और समाज में रोल मॉडल बनकर उभरी हैं।
नेहरू कॉलोनी निवासी पूनम टोडी ऑटो चालक की बेटी है। जिन्होंने इसी वर्ष फरवरी माह में पीसीएस जे परीक्षा में टॉप कर उन सभी लड़कियों का मनोबल बढ़ाया, जो सोचती हैं कि वो हालातों से हारकर अपनी मंजिल नहीं पा सकती। उन लोगों को भी जवाब दिया है जो लड़कियों को लड़कों से कमतर आंकते हैं। पूनम के पिता अशोक टोडी ऑटो चलाते हैं। पूनम ने अपने परिवार का सिर फख्र से ऊंचा कर दिया है।
पूनम बताती हैं कि उन्होंने दसवीं एमकेपी इंटर कॉलेज से की। जिसमें 54 फीसद अंक मिले। इसके बाद 61 प्रतिशत अंक के साथ डीएवी इंटर कॉलेज से बारहवीं की। फिर डीएवी पीजी कॉलेज से यूजी, पीजी और फिर लॉ की पढ़ाई की। फिर एसआरटी बाहशाहीथौल से एलएलएम की पढ़ाई पूरी की। पीसीएस जे की टॉपर पूनम बताती हैं कि यह उनका तीसरा चांस था। इससे पहले वह दो बार पहले भी साक्षात्कार तक पहुंची, पर असफल रहीं। लेकिन इन असफलताओं ने भी उन्हें काफी कुछ सिखाया।
तनुजा ने साकार किया जज बनने की सपना
नवादा निवासी तनुजा कश्यप ने इस वर्ष पीसीएस-जे परीक्षा में सातवां स्थान हासिल किया है। उन्होंने बारहवीं डीएवी पब्लिक स्कूल से की। इसके बाद एमकेपी पीजी कॉलेज से बीकॉम और फिर डीएवी से लॉ की पढ़ाई की। मन में जज बनने की ख्वाहिश थी और लगन के साथ इस ओर आगे बढ़ती रहीं। उनके पिता रिटायर्ड ऑनरेरी कैप्टन तारा चंद व मां रीता उनकी ताकत बने। बड़ी बहन तपस्या बैंक में जॉब करती हैं जबकि भाई अक्षय भी बीटेक पूरी कर नौकरी कर रहा है। तनुजा की वर्ष 2017 में शादी हुई। पति निशांत सॉफ्वेयर इंजीनियर हैं। वह बताती हैं कि पति ने भी हर कदम उनका साथ दिया। इससे पहले वह साक्षात्कार में बाहर हो गई थीं। इस बार पति ने ही तैयारी कराई। और तनुजा से जज बनने का सापना साकार कर दिखाया।
चेरब की सफलता पिता को श्रद्धांजलि
प्रेमनगर निवासी चेरब बत्रा के पिता अशोक बत्रा का जून 2017 में देहांत हो गया था। वह प्राइवेट जॉब में थे और उनके असमय निधन ने परिवार को भीतर तक झकझोर दिया। लेकिन इस बुरे वक्त में परिवार का हर सदस्य एक दूसरे की ताकत बना। चेरब ने पीसीएस-जे परीक्षा में पांचवां स्थान हासिल किया है। यह एक पिता को बेटी की सच्ची श्रद्धांजलि है। चेरब की प्रारंभिक शिक्षा श्री गुरु नानक पब्लिक गल्र्स इंटर कॉलेज प्रेननगर से हुई। इसके बाद डीएवी से यूजी, पीजी और फिर लॉ की पढ़ाई की। वर्ष 2014 में लॉ पूरा करने के बाद वह पीसीएस-जे की तैयारी कर रही थीं। इसी वर्ष फरवरी माह में चेरब ने पीसीएस-जे में सफलता प्राप्त की। चेरब की मां रानी ने उन्हें हर कदम पर संबल प्रदान किया।


Post A Comment: