देहरादून: सनातन धर्म इंटर कॉलेज रेसकोर्स बन्नू का मैदान। शाम करीब सात बजे से ही दर्शकों की भीड़ प्रवेश द्वार पर जुटने लगी है। हर किसी को बस आयोजन स्थल में प्रवेश पाने की जल्दी है। पुलिस प्रवेश द्वार पर मोर्चा संभाले हुए है। दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा है। चारों तरफ गूंज रहा हाई-वोल्टेज साउंड और चकाचौंध भरी लाइटों की रोशनी खुद में कार्यक्रम का समा बांध रही है। ऐसे में पाश्र्व गायिका खुशबू ग्रेवाल की स्टेज पर एंट्री ने धमाल मचा दिया। वीआइपी गैलरी और जनरल गैलरी में खुशबू की प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे।

दैनिक जागरण के डांडिया रास-2018 में खुशबू ग्रेवाल ने हालांकि स्टेज पर प्रस्तुति रात करीब पौने नौ बजे से शुरू की, लेकिन माहौल शाम से ही बन चुका था। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त रहे व किसी को असुविधा न हो, इसका हर तरह से ख्याल रखा गया। रात आठ बजे दर्शकों के हुजूम में वीआइपी गैलरी की सभी सीटें फुल हो गईं और मैदान की खाली जगह भी कम पड़ने लगी। जनरल गैलरी में भी दर्शकों की भीड़ साउंड पर थिरकती नजर आई। 

खुशबू की प्रस्तुति से पहले एंकर आर्यन मिनोचा और दामिनी जुयाल ने दर्शकों के बीच सवाल-जवाब के बाद उन्हें गिफ्ट देकर समां बांधे रखा। रात लगभग पौने नौ बजे जब खुशबू स्टेज पर पहुंचीं तो उन्होंने नवरात्र में माता रानी की कृपा का साभार जताते हुए मां संतोषी के भजन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद दर्शकों से मुखातिब हो उनकी पसंद पूछी तो जवाब मिला कि शुरुआत गरबा से की जाए। बस फिर क्या था, नॉन-स्टाप प्रस्तुति देते हुए खुशबू ने ऐसा समा बांधा कि हर कोई थिरकने को मजबूर हो गया। 

डांडिया स्टिक के साथ गरबा कर रहीं महिलाओं, युगल और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। चारों ओर से डांडिया स्टिक की खनक गूंज रही थी। खुशबू ग्र्रेवाल के गुजराती मिठास से भरे बॉलीवुड, पंजाबी गानों पर हर कोई थिरकने पर मजबूर हो गया। बच्चे व युवक-युवतियां ही नहीं दंपती भी साथ में थिरकने लगे। हर कोई डांडिया के रंग में डूबा नजर आ रहा था। कार्यक्रम के समापन पर भी वंस-मोर, वंस-मोर की आवाज गूंजती रही।

Post A Comment: