देहरादून: दो सप्ताह के भीतर आप राजपुर रोड पर बेधड़क होकर सड़क किनारे वाहन पार्क कर सकेंगे और चालान कटने का भी भय नहीं रहेगा। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के साथ किए गए अनुबंध के आधार पर कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल ने दून की पहली स्मार्ट पार्किंग पर धरातलीय काम शुरू कर दिया है। एक सप्ताह के भीतर स्मार्ट पार्किंग पर वाहन भी खड़े होने लग जाएंगे। 

एमडीडीए के उपाध्यक्ष डॉ. आशीष श्रीवास्तव के अनुसार स्मार्ट पार्किंग (ऑन स्ट्रीट पार्किंग) के लिए सड़क किनारे मार्किंग शुरू हो गई है और कुछ स्थानों पर टाइल्स लगाने का काम भी किया जा रहा है। इसके साथ ही पार्किंग की जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मचारियों के लिए वर्दी भी तैयार कर ली गई है। 

वह नीली रंग की टी-शर्ट, टोपी, रिफ्लेक्टर वाली जैकेट व आइ कार्ड लटकाए रहेंगे। जैसे-जैसे पार्किंग स्थल विकसित होंगे, उनमें पार्किंग भी शुरू करा दी जाएगी। पार्किंग का अभी शुल्क तय नहीं किया गया है। शुल्क निर्धारण को लेकर लोगों की जेब का भी ख्याल रखा जाएगा। यह न सिर्फ दून की, बल्कि पूरे प्रदेश की सबसे बेहतर पार्किंग होंगी। 

28 पार्किंग स्थलों में खड़े होंगे 661 वाहन   

एमडीडीए ने घंटाघर से सिल्वर सिटी तक पार्किंग के 28 स्थान चिह्नित किए हैं। सबसे अधिक 21 उपयुक्त स्थल घंटाघर से राजपुर रोड की तरफ बढ़ते हुए बायीं तरफ पाए गए हैं। ऑन स्ट्रीट (सड़क किनारे) पार्किंग के लिए इक्यूवैलेंट कार स्पेस (ईसीएस) का सर्वे किया गया था। इसके तहत कार पार्किंग के लिए ऐसे स्थलों का चयन किया गया, जिनकी लंबाई सड़क की तरफ कम से कम पांच मीटर हो। 

जबकि दोपहिया वाहनों के लिए कम से कम दो मीटर लंबाई वाले स्थलों का चयन किया गया। मिश्रित रूप से पार्किंग कराने पर इस पूरी सड़क पर 661 वाहन खड़े किए जा सकेंगे। एमडीडीए के ट्रांसपोर्ट प्लानर जगमोहन के अनुसार, दूसरे चरण में अब पार्किंग स्थलों पर सेंसर व बोर्ड लगाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। 

पार्किंग स्थलों की स्थिति 

राजपुर रोड जाते हुए बायीं तरफ 21 स्थल, जबकि घंटाघर की तरफ आते हुए सात स्थल चिह्नित किए गए हैं। खास बात यह कि संख्या के हिसाब से भी वाहनों का सर्वाधिक दबाव बायीं तरफ ही रहता है। 

इस तरह विकसित होगी पार्किंग 

- कार के लिए सड़क की तरफ पांच मीटर लंबाई व 2.2 मीटर चौड़ाई प्रति कार के हिसाब से आरक्षित की जा रही है।

Post A Comment: