देहरादून: देश-दुनिया को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए इस बार केदारनाथ धाम में ईको फ्रेंडली दीपावली मनाई जाएगी। इसके लिए मंदिर को 5000 दीयों से सजाया जाएगा। प्रशासन, पुलिस और तीर्थ पुरोहितों ने इसकी तैयारियां आरंभ कर दी हैं।

यूं तो समुद्रतल से 11500 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारपुरी में हर वर्ष दीपावली पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जाता है, लेकिन इस बार प्रशासन ने पर्व को विशेष रूप से मनाने का कार्यक्रम तय किया है। इसके लिए मंदिर को 5000 दीयों से सजाया जा रहा है। इसके साथ ही पौराणिक परंपराओं का निर्वाह करते हुए मंदिर परिसर में भैलो भी खेले जाएंगे और पूरी रात भजन-कीर्तन का कार्यक्रम चलेगा। 

श्री बदरी-केदार मंदिर समिति के साथ ही स्थानीय व्यापारियों, तीर्थ पुरोहितों व पुलिस-प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केदारनाथ आने का कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन दीपावली के दिन उनके आने की संभावना को देखते हुए भी तैयारियां की जा रही हैं। केदारपुरी में तैनात पुलिस भी इस बार दीपावली को विशेष रूप से मनाएगी। 

Post A Comment: