देहरादून। भारतीय जनता पार्टी देहरादून महानगर के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के राफेल मुद्दे पर झूठे बयान देने के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। भाजपा महानगर कार्यालय से कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय के बाहर तक जोरदार नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला।
मार्च आरंभ करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि नरेंद्र मोदी साधारण घर से आते हैं और जिनका इतिहास ही घपला और घोटालों का है और जो स्वयं जमानत पर चल रहे हैं, वह प्रधानमंत्री पर अंगुली उठा रहे हैं। 
महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चोरों को सब चोर ही नजर आते हैं। भाजपा की केंद्र और प्रदेश प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलती हैं और किसी भी भ्रष्टाचारी को बर्दाश्त नहीं किया जाता। 
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक हरबंश कपूर, विनोद चमोली, खजानदास ने भी संबोधित किया। मार्च के बाद कांग्रेस भवन के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला जलाया। 

Post A Comment: