रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने लोकायुक्त की नियुक्ति के गठन पर कहा कि, हम ऐसा काम ही क्यों करें कि लोकायुक्त की जरूरत पड़े। चोरी नहीं करेंगे तो चौकीदार की जरूरत ही क्यों पड़ेगी। ये बात उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान कही। साथ ही ये भी कहा कि जखोली दिगधार में ही सैनिक स्कूल का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही सीएम ने बताया कि 26 जनवरी से पूरे राज्य में एयर एंबुलेंस सेवा शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए एक हेलीकॉप्टर सरकार की ओर से तैनात किया जाएगा, जबकि जरूरत पड़न पर अन्य हेलीकॉप्टर की भी मदद ली जाएगी। सीएम ने कहा कि सरकार ने सरकारी नौकरियों में अनाथ और बेसहारा लोगों को पांच फीसद आरक्षण देने का फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को पूरे दिन रुद्रप्रयाग जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। मुख्य बाजार स्थित बस अड्डे पर आयोजित अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के जिले में शुभारंभ के मौके पर तारा देवी समेत पांच अन्य महिलाओं को योजना के कार्ड जारी किए। इस दौरान अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना का जिले में शुभारंभ करते हुए उन्होंने योजना के गोल्डन कार्ड वितरित किए। साथ ही सात लाख 86 हजार सात सौ 93 रुपये की 25 योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि होनहार और जरूरतमंद बच्चे, जिन्हें पढ़ाने में परिजन अक्षम हैं। उन्हें निश्शुल्क शिक्षा देने के लिए स्कूल बनाए जाएंगे। इसके लिए गढ़वाल और कुमाऊं में एक-एक विद्यालय खोला जाएगा। इसके साथ ही गौचर हवाई पट्टी से भी जल्द हवाई सेवाएं शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री ने केदारनाथ में जल्द रोपवे का निर्माण कराने की भी बात कही।


Post A Comment: