हल्द्वानी: लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस भी पूरी तैयारी में जुट गई है। प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए 21 से गढ़वाल व 29 जनवरी से कुमाऊं में परिवर्तन यात्रा निकाली जाएगी। शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि सरकार बनाने से पहले तमाम वादे किए थे, लेकिन यह सरकार एक भी वादा पूरा नहीं कर सकी। अब कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
शुक्रवार को नैनीताल रोड स्थित आवास पर पत्रकारों से रूबरू नेता प्रतिपक्ष ने खुद के चुनाव लड़ने को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की लेकिन भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। उनका कहना था, आरक्षण केवल दिखावा है। आरक्षण का लाभ तब है, जब रोजगार मिलेगा। हकीकत यह है कि रोजगार कहीं भी नजर नहीं आ रहा है। सरकार की ओर से रिक्तियां नहीं निकाली जा रही हैं। बैगलॉग के पदों को लेकर भी निष्क्रियता है। समूह ग के पदों पर भी कोई प्रक्रिया नहीं हुई। उन्होंने कहा कि किसानों की कर्जमाफी पर भी सरकार चुप है। दावेदारी के सवाल पर नेता प्रतिपक्ष का कहना था, प्रदेश प्रभारी ने कहा है कि दावेदारी के लिए नाम मांगे जाएंगे।


Post A Comment: