देहरादून। चुनाव प्रचार के बीच उत्तराखंड में अवैध शराब और नकदी के पकड़े जाने का सिलसिला जारी है। सोमवार रात टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। ऋषिकेश बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेकिंग के दौरान चुनाव निगरानी दल ने एक कार से 58 लाख रुपये बरामद किए गए। कार सवार दो लोगों के संतोषजनक जवाब न दे पाने पर यह राशि जब्त कर ली गई। पुलिस ने इस मामले की सूचना इनकम टैक्स विभाग को दे दी है।
चुनाव आचार संहिता लागू होते ही टिहरी जिले में पड़ने वाले छह विधानसभा क्षेत्रों में तीन-तीन स्टैटिक और फ्लाइंग सर्विलांस टीम गठित कर दी गईं जो 24 घंटे काम कर रही हैं। सोमवार रात श्रीनगर से देवप्रयाग आ रही कार में चेकिंग के दौरान 58 लाख रुपये कैश बरामद किए गए। पूछे जाने पर कार सवार दो लोगों ने बताया कि यह पैसा शराब की दुकान का है लेकिन वह इसके संबंध में दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। इस पर यह पैसा जब्त कर लिया गया। टिहरी के एसएसपी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि इस बारे में आयकर विभाग को सूचित कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post A Comment: