देहरादून। उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव को धार देने के मद्देनजर भाजपा ने स्टार प्रचारकों के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया है। इसकी शुरुआत सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के दौरे से होगी, जो चार जगह पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में सभाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद पांच अप्रैल तक अलग-अलग तिथियों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन के कार्यक्रम भी निर्धारित कर दिए गए हैं। केंद्रीय मंत्री उमा भारती व स्मृति इरानी की राज्य में सभाओं के कार्यक्रमों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अब जबकि मतदान के लिए सिर्फ 10 दिन का वक्त रह गया है तो इसे देखते हुए भाजपा ने चुनाव प्रचार तेज करने पर फोकस किया है। इसी कड़ी में पार्टी के स्टार प्रचारकों में शामिल राष्ट्रीय नेताओं के ताबड़तोड़ कार्यक्रम तय किए गए हैं। प्रदेश भाजपा कार्यालय में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला ने स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम जारी किए। उन्होंने कहा कि लोस चुनाव के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं की सभी पांचों सीटों पर जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।
गैरोला के अनुसार एक अप्रैल को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह पिथौरागढ़, गोपेश्वर, कोटद्वार व झबरेड़ा में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। तीन अपै्रल को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का उत्तरकाशी में जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है। तीन अप्रैल को ही भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन सहसपुर, भगवानपुर व धर्मपुर में आयोजित सभाओं में भाग लेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रमों की राज्य की पांचों लोकसभा सीटों से आ रही डिमांड के मद्देनजर पार्टी उनका चार अप्रैल का कार्यक्रम लेने में सफल हुई है। गैरोला ने बताया कि योगी आदित्यनाथ इस दिन काशीपुर और रुड़की में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच अप्रैल को देहरादून के परेड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। स्टार प्रचारकों में शामिल केंद्रीय मंत्री उमा भारती व स्मृति ईरानी की जनसभाओं के कार्यक्रम भी तय किए जा रहे हैं।
70 विस क्षेत्रों में 210 सभाएं
प्रदेश उपाध्यक्ष गैरोला ने बताया कि राज्य की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में 210 जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत अब तक 32 स्थानों पर चुनावी सभाओं को संबोधित कर चुके हैं।


Post A Comment: