रुड़की I उत्तराखंड में बीजेपी के दो विधायकों में चल रहा विवाद अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा। विधायक देशराज कर्णवाल ने विधायक चैंपियन के खिलाफ प्रेस वार्ता कर कहा कि वह खुद को चैंपियन बोलते हैं, लेकिन उन्होंने कभी गिल्ली डंडा तक नहीं खेला है। कणर्वाल ने आरोप लगाया कि चैंपियन खुद को राजा बोलते हैं, लेकिन वह एक सामंत मानसिकता वाले परिवार से हैं। 
उधर, खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने विधायक देशराज कर्णवाल पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर मेरे चैंपियन होने के सबूत चाहते हैं तो कर्णवाल हिम्मत करके सुबह नेहरू स्टेडियम में आकर हाथ मिलाकर दिखाए। तब पता चल जाएगा कि वह चैंपियन हैं या नहीं।

विधायक देशराज ने कहा कि अगर वह चैंपियन हैं तो मान्यता प्राप्त खेल संघ का एक भी प्रमाणपत्र दिखाएं और खुद को चैंपियन साबित करें। अगर विधायक चैंपियन ने उनसे एक दो दिन में माफी नहीं मांगी तो वह कोर्ट में उनके खिलाफ केस दर्ज कराएंगे। 

शुक्रवार को विधायक देशराज कर्णवाल ने खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोलते हुए भड़ास निकाली। कहा कि, विधायक चैंपियन उनके जाति प्रमाणपत्र को फर्जी ठहरा रहे हैं।

जब वह कांग्रेस में थे, तब उन्होंने मेरा जाति प्रमाणपत्र कैंसल क्यों नहीं करवाया। कहा कि जब उनकी पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ी थी, तब चैंपियन उनके पास वोट मांगने आए थे, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था, क्योंकि तब वह खुद जिला पंचायत सदस्य के लिए खड़े थे और जीते थे। 

Post A Comment: