कांग्रेस का हाथ आतंकियों के साथः मोदी
कांग्रेस के घोषणा पत्र का बताया ढकोसला पत्र
उत्तराखण्डवासियों को दी हरेला पर्व की बधाई
देवी देवताओं का किया नमन
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को ढकोसला पत्र बताते हुए कहा कि कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में दिये गये सेना के विशेष अधिकार समाप्त करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हाथ आतंकवादियों के साथ है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस राज में विकास वैटिलेटर पर रहता है जबकि भ्रष्टाचार एक्सीलेटर पर रहता है।
प्रधानमंत्री ने संबोधन शुरू करते ही उत्तराखंडवासियों को हरेला पर्व की बधाई दी। उन्होंने देवी देवताओं को नमन किया और उत्तराखंड को सैन्य धाम बताया। उन्होंने कहा कि करप्शन और कांग्रेस का साथ अटूट है। ये ऐसी जुगलबंदी है जो अलग नहीं हो सकती है। कांग्रेस के राज में लोग इस आस में रहते हैं कि कौन कितना ज्यादा घोटाला कर सकता है। देश का ऐसा कोई संसाधन नहीं है जो इनकी लूट से बच पाया है। इसमें भी नामदार परिवार का नाम सबसे ऊपर है। मोदी ने कहा कि हमारी सरकार कड़े फैसले लेती है। सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण हमारी सरकार ने ही दिया है। कांग्रेस का घोषणा पत्र ढकोसला है। कांग्रेस में भ्रष्टाचार एक्सीलेटर पर और विकास वेंटीलेटर पर था। आपका ये चैकीदार हैलीकॉप्टर घोटाले के कुछ दलालों को दुबई से उठाकर ले आया था। ईटली के स्पेशल मामा और दूसरे दलालों से एजेंसियों ने कई दिन पूछताछ की।
कांग्रेस के घोषणा पत्र को ढकोसला बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अगर सेना के जवान को सुरक्षा नहीं मिलेगी तो कौन मां अपने बेटे को सीमा पर भेजेगी। उन्होंने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर लानत भेजी। मोदी ने कहा कि जान दांव पर लगाने वाले हमारे सैनिकों का हौसला तोड़ने का काम कांग्रेस कर रही है। कांग्रेस का हाथ आतंकियों के साथ है। सेना के जवानों की सुरक्षा जरूरी है।
पीएम ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, चैकीदार का कड़ा रवैया इनको बर्दाश्त नहीं हो रहा है। एक जमाना था जिस परिवार की एयरपोर्ट पर भी कोई तलाशी की हिम्मत नहीं कर सकता था। गाड़ी विमान की सीढ़ी तक चल जाती थी। आज वे लोग बेल पर बाहर हैं। जो परिवार खुद को भारत का भाग्यविधाता समझता था, वो जेल जाने से बचने को सारी तिगड़म लगा रहा है। करप्शन से साथ कांग्रेस ने देशद्रोहियों और पाकिस्तान को खुश करने का अभियान छेड़ रखा है। प्रेम के मसीहा के पैरों से जमीन खिसक रही है तो सवाल पूछने वाले पत्रकारों को भी धकेलने की हिम्मत कर रहे हैं।

Post A Comment: